इविविः तीन दिन से ज्यादा फाइल रोकी तो देना होगा स्पष्टीकरण
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
-
इविवि के सभी हॉस्टलों में मूलभूत सुविधा मुहैया कराने के निर्देश
-
नवनियुक्त कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने जारी किए दिशा-निर्देश
इविवि में अब किसी भी कर्मचारी या अफसर के टेबल पर कोई फाइल तीन दिन से ज्यादा रोककर रखी गई तो संबंधित को इसका स्पष्टीकरण देना होगा। इविवि की नवनियुक्त कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने इविवि के सभी कर्मचारियों और अफसरों को इसका गंभीरता से अनुपालन करने को कहा है। साथ ही इविवि के सभी हॉस्टलों में मूलभूत सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
इविवि के कर्मचारियों, शिक्षकों, छात्रों की अक्सर शिकायत रहती है कि प्रोन्नति, एरियर, अनुकंपा नियुक्ति, अकादमिक गतिविधियों आदि से संबंधित फाइलें कर्मचारियों और अफसरों की टेबल पर लंबे समय तक लंबित पड़ी रहती हैं। इसके अलावा कई बार प्रोजेक्ट्स की फाइलों को भी स्वीकृति के लिए काफी इंतजार करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए नव नियुक्त कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी टेबल पर कोई फाइल तीन दिनों से अधिक न रोकी जाए। निस्तारण अनिवार्य रूप से किया जाएगा।
साथ ही इविवि के सभी 16 हॉस्टलों में बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं तत्काल सुनिश्चित की जाएं। हॉस्टलों में मरम्मत कार्य पूरे कराए जाएं और छात्र-छात्राओं की हर समस्य का त्वरित निस्तारण हो। कुलपति ने कहा कि जल्द ही वह हॉस्टलों का निरीक्षण करेंगी। इसके अलावा उन्होंने इविवि को पूरी तरह से ई-ऑफिस बनाने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि प्रत्येक कर्मचारी, शिक्षक एवं छात्र का पूरा डाटा भी ई-ऑफिस में मौजूद रहे। कुलपति ने इविवि के अतिथिगृह में भी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
नए कुलपति के आते ही खुला प्रवेश का पुराना द्वार
इविवि के विज्ञान संकाय में प्रवेश के लिए कानपुर रोड की ओर बना पुराना गेट मंगलवार से खोल दिया गया। यह गेट वर्षों से बंद पड़ा हुआ था। शिक्षकों एवं छात्रों को यूनिवर्सिटी चौराहे की तरफ वाले गेट से प्रवेश करना पड़ता था और वहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। चीफ प्रॉक्टर प्रो. आरके उपाध्याय ने बताया कि शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र अब कानपुर रोड की तरफ बने गेट से भी इविवि के विज्ञान संकाय परिसर में प्रवेश कर सकते हैं।
छात्रों ने कुलपति से मिलकर बताई अपनी समस्या
छात्रों ने एनएसयूआई के पूर्वी यूपी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में मंगलवार को कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव को ज्ञापन देकर छात्रों समस्याओं से अवगत कराया। साथ ही उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। साथ ही मांग की कि छात्रसंघ के वैधानिक अधिकारिों को बहाल किया जाएगा, ताकि परिसर में संतुलन एवं शांति बनी रहे। इस मौके पर एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष अक्षय क्रांतिवीर, इकाई अध्यक्ष सत्यम कुशवाहा, इकाई प्रभारी हरिकेश हैरी, रजनीश तिवारी, नंदन मुरारी आदि मौजूद रहे।
ऑक्टा ने कुलपति का किया स्वागत
ऑक्टा अध्यक्ष डॉ. एसपी सिंह और महासचिव डॉ. उमेश प्रताप सिंह ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव से मिलकर उन्हें ऑक्टा की ओर से शुभकामनाएं दीं और पुष्पगुच्छ भेंट किया।
अनशनकारियों ने की कुलपति से वार्ता की अपील
छात्रसंघ बहाली की मांग को लेकर इविवि में 133 दिनों से अनशन पर बैठे छात्रों ने छात्रसंघ बहाली के मुद्दे पर वार्ता की अपील की है। साथ ही इविवि के विकास में उन्हें हर तरह से सहयोग का वादा किया। छात्रनेता अजय यादव सम्राट ने यह मांग भी की कि छात्र-छात्राओं पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएं और विश्वविद्यालय में विकास की नई शुरुआत हो। अनशन स्थल पर राहुल पटैल, मोहम्मद मुबाशिर, नवनीत यादव, मसूद अंसारी, आनंद आदि मौजूद रहे।