{"_id":"68554ab1c7fd48cee40ff069","slug":"airport-prayagraj-became-the-third-airport-in-the-state-with-more-than-42-thousand-flights-2025-06-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"Prayagraj Airport : 42 हजार से ज्यादा फ्लाइट की आवाजाही वाला प्रदेश का तीसरा एयरपोर्ट बना प्रयागराज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Prayagraj Airport : 42 हजार से ज्यादा फ्लाइट की आवाजाही वाला प्रदेश का तीसरा एयरपोर्ट बना प्रयागराज
Fri, 20 Jun 2025 05:19 PM IST
विनोद सिंह
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
Published by: विनोद सिंह
Updated Fri, 20 Jun 2025 05:19 PM IST
सार
प्रयागराज एयरपोर्ट के खाते में एक विशेष उपलब्धि दर्ज हो गई है। सूबे का प्रयागराज तीसरा ऐसा एयरपोर्ट हो गया है जहां अब तक 42 हजार से ज्यादा विमानों की आवाजाही हो चुकी है। 42 हजार से ज्यादा आवाजाही वाले लखनऊ और वाराणसी एयरपोर्ट ही हैं।
विज्ञापन
एअर इंडिया।
- फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
प्रयागराज एयरपोर्ट के खाते में एक विशेष उपलब्धि दर्ज हो गई है। सूबे का प्रयागराज तीसरा ऐसा एयरपोर्ट हो गया है जहां अब तक 42 हजार से ज्यादा विमानों की आवाजाही हो चुकी है। 42 हजार से ज्यादा आवाजाही वाले लखनऊ और वाराणसी एयरपोर्ट ही हैं, हालांकि यह दोनों इंटरनेशनल एयरपोर्ट है, जबकि प्रयागराज से अभी सिर्फ घरेलू उड़ान ही संचालित हो रही हैं। एक जनवरी 2019 को एयरपोर्ट के नए टर्मिनल पर यात्रियों और विमानों की आवाजाही शुरू हुई।
विज्ञापन
फिलहाल 31 मई 2025 तक यहां 36 लाख से ज्यादा यात्रियों का विमानों द्वारा आवागमन हो चुका है। वर्ष 2019 में लगे कुंभ मेले के पहले पीएम मोदी ने 16 दिसंबर 2018 को एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। यहां विमानों का आवागमन एक जनवरी 2019 से शुरू हुआ। फिलहाल 77 माह के सफर प्रयागराज एयरपोर्ट में विमानों की आवाजाही का आंकड़ा 42 हजार के आंकड़े को पार कर गया है। 31 मई 2025 तक प्रयागराज एयरपोर्ट में 42662 विमानों का आवागमन हुआ।
विज्ञापन
प्रयागराज का अब देश के सात शहरों से ही सीधा हवाई संपर्क
देहरादून, गोरखपुर, इंदौर, लखनऊ, भोपाल, पुणे, कोलकाता उड़ान बंद हो जाने की वजह से वर्तमान समय में प्रयागराज एयरपोर्ट का देश के सात शहरों से ही सीधा हवाई संपर्क है। यहां से वर्तमान में इंडिगो द्वारा मुंबई, दिल्ली, बंगलूरू, भुवनेश्वर, हैदराबाद, रायपुर के लिए एलाइंस एयर द्वारा बिलासपुर एवं दिल्ली और अकासा एयर द्वारा मुंबई के लिए सीधी उड़ान संचालित की जा रही है।
विज्ञापन
इस वर्ष पांच माह में रिकाॅर्ड 6625 विमानों का आवागमन
महाकुंभ की वजह से इस वर्ष शुरुआती पांच माह में रिकार्ड 6625 विमानों की आवाजाही एयरपोर्ट में हो चुकी है। एक जनवरी से 31 मई के दौरान 6625 विमानों से 7.56 लाख यात्रियों का आवागमन हुआ। एयरपोर्ट निदेशक मुकेश उपाध्याय बताते हैं कि महाकुंभ के मौके पर प्रयागराज एयरपोर्ट में रिकार्ड संख्या में यात्रियों की आवाजाही हुई।
एयरपोर्ट के नए टर्मिनल में 42 हजार से ज्यादा विमानों की आवाजाही दर्शाती है कि हवाई यात्रा का लोगों में क्रेज बढ़ता जा रहा है। एयरपोर्ट सलाहकार समिति की बैठक में प्रयागराज से कई अन्य शहरों की सीधी विमान सेवा शुरू करने के लिए मंथन हुआ। उम्मीद है आने वाले दिनों में कुछ और शहरों के लिए भी सीधी विमान सेवा यहां से शुरू होगी। - प्रवीण पटेल, सांसद फूलपुर एवं अध्यक्ष प्रयागराज एयरपोर्ट सलाहकार समिति