प्रयागराज जंक्शन एवं प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशनों पर पिछले दिनों प्रवासी कामगारों द्वारा खाद्य सामग्री लूटने का मामला तूल पकड़ने के बाद अब रेलवे के अफसरों ने इन दोनों ही स्टेशनों पर आने वाली सभी श्रमिक स्पेशल ट्रेनों की मॉनीटरिंग शुरू कर दी है। अफसरों ने अपनी ही निगरानी में श्रमिक स्पेशल ट्रेन से आने वाले श्रमिकों को भोजन वितरण शुरू करवाया है। बृहस्पतिवार को प्रयागराज जंक्शन पर एडीआरएम अनुराग गुप्ता ने प्रयागराज मंडल के वरिष्ठ अफसरों साथ प्रवासी श्रमिकों को भोजन एवं पानी वितरित किया।
प्रयागराज जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर नौ पर वापी से गाजीपुर जा रही श्रमिक स्पेशल ट्रेन दिन में 1.30 बजे जंक्शन पहुंची। यहां एडीआरएम ने सीपीआरओ अजीत सिंह, सीनियर डीसीएम नवीन दीक्षित, सीनियर डीएससी मनोज सिंह, स्टेशन निदेशक अनुपम सक्सेना, प्रबंधक दिलीप ठाकुर आदि के साथ ट्रेन के सभी कोच में भोजन एवं पानी का वितरण किया। इस दौरान यात्रियों को बिस्कुट, नमकीन, केला, मठरी, पूड़ी, अचार एवं मिठाई आदि की गई। मंडल के पीआरओ सुनील गुप्ता ने बताया कि 27 मई तक रेलवे एवं आईआरसीटीसी द्वारा 911 श्रमिक स्पेशल ट्रेनों के तकरीबन 13 लाख लोगों को भोजन एवं पानी उपलब्ध करवाया जा चुका है। वहीं दूसरी ओर जंक्शन पर बृहस्पवितार को 1600 यात्रियों को लेकर वीरमगाम से श्रमिक स्पेशल ट्रेन शाम 6.30 बजे यहां पहुंची।