Prayagraj : थाना प्रभारी पर बदसलूकी व पिस्टल निकालकर धमकाने का आरोप, धरने पर बैठे अधिवक्ता
इलाहाबाद हाईकोर्ट के वकीलों और धूमनगंज पुलिस के बीच विवाद हो गया। पुलिस पर अभद्रता करने का आरोप लगाते हुए वकीलों ने थाने के सामने कानपुर मार्ग पर सड़क जाम शुरू कर दिया।
विस्तार
धूमनगंज थाना प्रभारी पर बदसलूकी व सरकारी पिस्टल निकालकर धमकी देने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार दोपहर अधिवक्ता थाने के सामने कानपुर-प्रयागराज मार्ग पर धरने पर बैठ गए। अधिवक्ताओं ने थाना प्रभारी को निलंबित करने की मांग की। करीब छह घंटे तक चले हंगामे के बाद जब थाना प्रभारी के विरुद्ध जांच का आश्वासन दिया गया तो किसी तरह से मामला शांत हुआ। इस दौरान कानपुर-प्रयागराज मार्ग पर कई किमी तक वाहनों की कतार लग गई। हालांकि प्राथमिक जांच में थाना प्रभारी द्वारा पिस्टल निकालकर धमकी देने की पुष्टि नहीं हुई है।
प्रीतमनगर के रहने वाले अधिवक्ता दिव्य प्रकाश का टीपी नगर स्थित बैंक शाखा में खाता है जिसमें 28 लाख 85 हजार 427 रुपये जमा थे। बुधवार शाम उनके मोबाइल पर 16 लाख 90 हजार 945 रुपये कटने का मैसेज आया। आरोप है कि बैंक मैनेजर ने बिना जानकारी के ड्राफ्ट के माध्यम से रुपये ट्रांसफर कर दिए।
अधिवक्ता दिव्य प्रकाश अन्य अधिवक्ता साथियों के साथ बृहस्पतिवार को बैंक पहुंचे लेकिन मैनेजर नहीं मिले। अधिवक्ताओं ने बैंक में हंगामा करते हुए पुलिस को सूचना दी और धूमनगंज थाना प्रभारी से बात कर थाने पहुंचे।आरोप है कि थाना प्रभारी ने बदसलूकी करते हुए सरकारी पिस्टल निकालकर धमकी दी। इसके बाद अन्य अधिवक्ता भी मौके पर पहुंच गए और थाने के सामने कानपुर-प्रयागराज मार्ग पर धरने पर बैठ गए। इससे आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। महज 10 मिनट का सफर चालकों को तीन से चार घंटे में पूरा करना पड़ा।
पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के लगे नारे
हंगामे की सूचना पर कई थानों का पुलिस बल व डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य और एडीसीपी नगर विजय आनंद भी मौके पर अधिवक्ताओं को समझाने पहुंचे लेकिन अधिवक्ता थाना प्रभारी को तत्काल निलंबित करने और बैंक मैनेजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे। इस दौरान पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए गए। लगभग छह घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत करवाया गया।
एडीसीपी की अध्यक्षता में बनाई गई कमेटी
डीसीपी नगर मनीष शांडिल्य ने सिटी एडीसीपी की अध्यक्षता में दो एसीपी के संग जांच कमेटी बनाई है। जांच पूरी होने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल प्रभारी राजेश उपाध्याय को अवकाश पर भेज दिया गया है।
फाफामऊ पुल पर बढ़ा वाहनों का लोड
धूमनगंज में कानपुर-प्रयागराज मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगने के बाद कई वाहन फाफामऊ के रास्ते से शहर में प्रवेश करने लगे। इस दौरान दोपहर दो बजे से लेकर शाम छह बजे तक पुल पर वाहनों का लोड बढ़ा रहा। इसके अलावा झलवा, ट्रिपलआईटी चौराहा, घुंघरू चौराहा, एयरपोर्ट रोड पर भी वाहनों की कतार लगी रही।
धूमनगंज थाना प्रभारी पर अधिवक्ताओं ने बदसलूकी करने का आरोप लगाया है। सिटी एडीसीपी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी बनाई गई है। मामले की जांच की जा रही है। - मनीष शांडिल्य, डीसीपी नगर