बैंक आफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय में लगी भीषण आग, कार्यालय एवं अग्रणी जिला प्रबंधक का दफ्तर जलकर राख
भवन के भूमि तल पर एक निजी बैंक की शाखा है। प्रथम तल पर भी निजी बैंक का कार्यालय है। इसके अलावा बैंक ऑफ बड़ौदा का भी कार्यालय है। वहीं द्वितीय तल पर बैंक का क्षेत्रीय कार्यालय-1 एवं 2 का स्टॉफ बैठता है।
विस्तार
टैगोर टाउन स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय कार्यालय में बुधवार को आग लगने से सबकुछ खाक हो गया। एसी, कम्प्यूटर आदि सामानों के साथ बैंकिंग कागजात भी राख हो गए। आग इतनी भयावह थी कि उसे बुझाने में दमकल कर्मियों को पांच घंटे से भी अधिक वक्त लग गया। बताया जा रहा है कि आग शार्ट सर्किट से लगी है। बैंक की सुरक्षा टीम ने जांच शुरू कर दी है।
भवन के भूमि तल पर एक निजी बैंक की शाखा है। प्रथम तल पर भी निजी बैंक का कार्यालय है। इसके अलावा बैंक ऑफ बड़ौदा का भी कार्यालय है। वहीं द्वितीय तल पर बैंक का क्षेत्रीय कार्यालय-1 एवं 2 का स्टॉफ बैठता है। इस तल पर अग्रणी बैंक प्रबंधक समेत बॉब के कई अन्य कार्यालय भी हैं। आग लगने से द्वितीय स्थिति कार्यालयों में सबकुछ जल गया है। स्थानीय लोगों ने भोर में चार बजे भवन से धुंआ निकलने की सूचना दी।
इसके बाद भवन मालिक आंनद अग्रवाल ने बैंक के अफसरों को इसकी सूचना दी। अफसरों के पहुंचने से पहले करीब सवा चार बजे अग्नि शमन विभाग की टीम दमकल के साथ पहुंच गई थी लेकिन तब तक वहां से आग की लपटें निकलने लगी थीं। आग पर करीब 10 बजे तक काबू पाया जा सका। उप क्षेत्रीय प्रबंधक अजय श्रीवास्तव का कहना है कि कम्प्यूटर, फाइल आदि वस्तुएं जल गई हैं। आग शार्ट सर्किट से लगी है। बैंक की टीम जांच कर रही है।
आग लगने से एसी, कम्प्यूटर, प्रिंटर, फर्नीचर समेत कई कीमती सामान जल गए। इस नुकसान का आकलन बैंक के विशेषज्ञों की टीम करेगी। टीम यहां बृहस्पतिवार को आएगी।
एक-दो दिनों में सुचारू हो जाएगी व्यवस्था
बैंक के अफसरों का कहना है कि बैंकिंग काम में बहुत बाधा नहीं आएगी। एक-दो दिनों में सबकुछ सामान्य हो जाएगा। उस भवन के प्रथम तल पर बैंक का कार्यालय है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कई ऑफिस इसमें शिफ्ट किए जाएंगे। इसके अलावा अल्लापुर शाखा में भी ऑफिस शिफ्ट होगा। अल्लापुर शाखा से बुधवार को काम भी शुरू हो गया। अफसरों का कहना है कि कालिंदीपुरम में बैंक का अपना भवन बन रहा है। उसका काम अंतिम चरण में है। वहां निर्माण पूरा होने तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बैंकिंग काम संचालित किए जाएंगे।
कागजात जलने से नहीं आएगी समस्या
आग लगने से बैंक तथा ग्राहकों के महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जल गए हैं। हालांकि अफसरों का कहना है कि इससे किसी तरह की समस्या नहीं आने जा रही। सभी कागजातों का बैकअप बैंक के पास है। उनका कहना है कि क्षेत्रीय कार्यालय में शाखाओं से कागजात आते हैं। इसके अलावा सर्किल ऑफिस या मुख्यालय से निर्देश आते हैं। इनकी प्रतियां संबंधित कार्यालयों एवं शाखाओं में भी मौजूद हैं। इसके अलावा ज्यादातर कागजात बैंक के सर्वर पर भी सुरक्षित हैं।