{"_id":"8-45645","slug":"Allahabad-45645-8","type":"story","status":"publish","title_hn":"गर्भवती युवती को बाहर निकाला, डफरिन में हंगामा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गर्भवती युवती को बाहर निकाला, डफरिन में हंगामा
Allahabad
Updated Fri, 09 May 2014 05:30 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इलाहाबाद। जिला महिला चिकित्सालय डफरिन की डॉक्टरों पर गर्भवती युवती के साथ बदसलूकी और बेरहमी का इल्जाम लगा है। गुरूवार सुबह डफरिन में भर्ती कराई गई एक युवती के पति ने रात में बाहर निकालकर शोर मचाया कि पैसे नहीं देने पर डॉक्टरों ने उसकी पत्नी को जबरन बाहर निकाल दिया है। इस पर आसपास के लोगों ने जुटकर युवती को दुबारा अस्पताल के भीतर ले जाकर हंगामा कर दिया। खबर पाकर शाहगंज थाने की पुलिस ने आकर लोगों को शांत कराया। देर रात अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक और अपर निदेशक स्वास्थ्य भी आ गईं। उन्होंने कहा कि मरीज की दशा गंभीर होने की वजह से उसे एसआरएन अस्पताल रेफर करना जरूरी है। युवती को रात में एंबुलेंस से एसआरएन ले जाया गया। नई झूंसी में रहने वाले मोहम्मद आजम अली ने गर्भवतीपत्नी रजिया बेगम (22) को डिलेवरी के लिए बृहस्पतिवार सुबह डफरिन मे भर्ती किया। आजम के मुताबिक दिन भर में रजिया के कई टेस्ट कराए गए। कुछ अस्पताल में हुए तो कुछ टेस्ट बाहर से कराने पड़े। डॉक्टरों के कहने पर वह अपना खून भी निकलवा आया। मगर रात करीब नौ बजे डॉक्टरों ने कह दिया कि रजिया को यहां से ले जाओ। आजम ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने एंबुलेंस ड्राइवर और गार्ड से कहकर उसकी पत्नी को जबरन बाहर निकाल दिया। आजम ने बाहर निकलकर शोर मचाया तो तमाम लोग जुट गए। उसने कहा कि डिलेवरी से पहले उससे पैसे मांगे गए। उसने इनकार किया तो बदसलूकी की गई और पत्नी को ले जाने के लिए कह दिया गया। गुस्से से भड़के लोगों ने रजिया को अस्पताल के भीतर ले जाकर बेड पर लेटाया, फिर अस्पताल प्रशासन तथा डॉक्टरों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे की सूचना पाकर शाहगंज पुलिस पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया। फिर रात करीब ग्यारह बजे एसआईसी डॉ.आशा पांडेय और अपर निदेशक स्वास्थ्य डॉ.आभा श्रीवास्तव भी आ गईं। उन्होंने गुस्साए लोगों और युवती के पति आजम से बात की। मेडिकल रिपोर्ट देखने के बाद उन्होंने कहा कि रजिया की हालत गंभीर होने के कारण उसे एसआरएन अस्पताल ले जाना बेहद जरूरी है। अपर निदेशक ने कहा कि पैसे मांगने और बदसलूकी की शिकायत की जांच वह कराएंगी। इसके बाद उन्होंने रजिया को उसके पति संग एंबुलेंस से एसआरएन भेज दिया।
विज्ञापन