{"_id":"8-27378","slug":"Allahabad-27378-8","type":"story","status":"publish","title_hn":"पुरुषोत्तम एक्स. में बखेड़ा, पांच पुलिसवाले निलंबित","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पुरुषोत्तम एक्स. में बखेड़ा, पांच पुलिसवाले निलंबित
Allahabad
Updated Tue, 09 Apr 2013 05:30 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इलाहाबाद। दिल्ली से पुरी जा रही पुरुषोत्तम एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी में दैनिक यात्रियों के उत्पात से सोमवार सुबह जंक्शन स्टेशन पर बखेड़ा हो गया। खींचतान और बदसलूकी से नाराज चेन्नई की महिलाओं और पुरुषों ने हंगामा कर दिया। उन्होंने बार-बार चेन खींचकर ट्रेन चलने से रोक दी। महिलाएं प्लेटफार्म पर लेट गईं। इतने पर भी जीआरपी एस्कॉर्ट और थाने के पुलिसवाले सक्रिय नहीं हुए। जानकारी मिलने पर एसपी जीआरपी ने लापरवाही में पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। पुरुषोत्तम एक्सप्रेस सुबह तकरीबन पौने आठ बजे जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर चार पर पहुंची तो बड़ी संख्या में रोज मिर्जापुर आने-जाने वाले यात्री उसकी स्लीपर बोगियों में घुस गए। एस-5 बोगी में तमाम दक्षिण भारतीय पर्यटक थे। दैनिक यात्रियों ने सीट पर जगह पाने के लिए उनसे खींचतान और धक्कामुक्की शुरू कर दी। महिलाओं को भी सीट से हटाने लगे। इस पर सीट आरक्षित कर बैठे यात्रियों ने विरोध कर दिया। झड़प के दौरान एक महिला से खींचतान की गई तो मामला गर्मा गया। इन यात्रियों को बोगी से बाहर निकालने की मांग करते हुए महिलाओं-पुरुषों ने हंगामा कर दिया। ट्रेन चलने लगी तो चेन खींच ली। कई बार चेन खींचकर ट्रेन आगे नहीं बढ़ने दी गई। गुस्से में महिलाएं ट्रेन से उतरकर प्लेटफार्म पर लेट गईं। करीब आधे घंटे बाद जैसे-तैसे स्थिति संभाली गई। कुछ दैनिक यात्रियों को पुलिसवालों ने आकर बाहर किया। करीब आधे घंटे बाद ट्रेन आगे बढ़ी। इस बारे में जीआरपी थाने में खबर दी गई थी मगर कुछ नहीं किया गया। जीआरपी एस्कॉर्ट में चल रहे मिर्जापुर जीआरपी थाने के सिपाही भी निष्क्रिय रहे। यह मामला तूल पकड़ा तो अफसरों तक बात पहुंची। एसपी जीआरपी ने लापरवाही बरतने पर एस्कॉर्ट दल के तीन सिपाहियों और जीआरपी थाना इलाहाबाद के नाइट अफसर दरोगा राघवेंद्र सिंह और एक सिपाही को निलंबित कर दिया। उधर, ट्रेन मिर्जापुर स्टेशन पर रुकी तो वहां जीआरपी थानाध्यक्ष ने महिलाओं समेत कई यात्रियों का बयान लिया। हालांकि केस नहीं लिखा गया है। सीओ जीआरपी ओपी सिंह ने बताया पुरुषोत्तम एक्सप्रेस में महिलाओं से छेड़खानी की बात उड़ी थी मगर ऐसा नहीं था। लापरवाही में पांच पुलिसवाले निलंबित किए गए हैं।
विज्ञापन