Prayagraj : 24 घंटे में 13 हजार अभ्यर्थियों ने चुने स्नातक के विषय, द्वितीय चरण के तहत आवेदन में संशोधन
पहले चरण के तहत इविवि में स्नातक प्रवेश के लिए सीयूईटी में शामिल 63364 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराए हैं, जिनसे कोई रजिस्ट्रेशन फीस नहीं ली गई। रजिस्ट्रेशन कराने वाले ज्यादातर अभ्यर्थियों ने फॉर्म में तमाम गलतियां कर दी हैं।
विस्तार
इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) में स्नातक प्रवेश के लिए पहले चरण में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने वाले अभ्यर्थियों के लिए द्वितीय चरण के तहत रजिस्ट्रेशन फॉर्म में संशोधन, विषय चयन और रजिस्ट्रेशन फीस जमा किए जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 24 घंटे में तकरीबन 13 हजार अभ्यर्थियों ने अपने फॉर्म में संशोधन और विषय चयन किए हैं, जबकि 721 ने फीस जमा की है।
पहले चरण के तहत इविवि में स्नातक प्रवेश के लिए सीयूईटी में शामिल 63364 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराए हैं, जिनसे कोई रजिस्ट्रेशन फीस नहीं ली गई। रजिस्ट्रेशन कराने वाले ज्यादातर अभ्यर्थियों ने फॉर्म में तमाम गलतियां कर दी हैं। एससी श्रेणी के किसी अभ्यर्थी ने अपने फॉर्म में अनारक्षित श्रेणी भर दी है तो किसी ने जन्म तिथि गलत भर दी है। इसके अलावा भी अभ्यर्थियों ने कई दूसरी गलतियां की हैं।
स्नातक प्रवेश के लिए काउंसलिंग शुरू होने पर इन गलतियों के कारण अभ्यर्थियों का प्रवेश फंस सकते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए इविवि की प्रवेश समिति ने अभ्यर्थियों को अपने रजिस्ट्रेशन फॉर्म में संशोधन का मौका दिया है। यह प्रक्रिया दो अगस्त से शुरू हुई है। द्वितीय चरण की इस प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों को स्टूडेंट पोर्टल के माध्यम से अपनी प्रोफाइल खोलनी है और रजिस्ट्रेशन फाॅर्म में संशोधन करना है।
इसके साथ ही सामान्य, ओबीसी एवं ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों को तीन सौ रुपये और एससी, एसटी एवं पीडब्ल्यूडी अभ्यर्थियों को डेढ़ सौ रुपये रजिस्ट्रेशन फीस जमा करनी है। जिन अभ्यर्थियाें ने रजिस्ट्रेशन फॉर्म में संशोधन नहीं किया है, वे यह प्रक्रिया सावधानी के साथ पूरी करें। क्योंकि, द्वितीय चरण में रजिस्ट्रेशन फीस जमा होने और अंतिम रूप से फॉर्म सब्मिट होने के बाद कोई अवसर नहीं मिलेगा। अभ्यर्थियों को स्नातक के विषयों का चयन भी करना है। प्रवेश समिति के निदेशक प्रो.जेके पति ने बताया कि पहले चरण में 63364 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराए थे, जिनमें से 12957 अभ्यर्थियों ने दूसरे चरण के तहत फॉर्म में संशोधन करते हुए विषयों का चयन किया है। वहीं, 721 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण शुल्क भी जमा कर दिया है।
पीजी प्रवेश के लिए सात पाठ्यक्रम के नए कटऑफ जारी
इविवि में परास्नातक (पीजी) प्रवेश के लिए सात पाठ्यक्रमों के नए कटऑफ अंक जारी कर दिए हैं। इनमें से छह विषयों में चार अगस्त और एक विषय में पांच अगस्त से नए कटऑफ के तहत प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग शुरू होगी। कटऑफ अंक इविवि की वेबसाइट पर उपलब्ध है। एमए मास कम्युनिकेशन में प्रवेश के लिए काउंसलिंग पांच अगस्त और एमए दर्शनशास्त्र, एमए राजनीति विज्ञान, एमए/एमएससी मनोविज्ञान, एमएससी मैटेरियल साइंस, एमए/एमएससी गणित एवं एमटेक मैटेरियल साइंस एंड टेक्नोलॉजी में प्रवेश के लिए काउंसलिंग पांच अगस्त से शुरू होगी।
पीएचडी प्रवेश के लिए 2851 रजिस्ट्रेशन
इविवि एवं संघटक महाविद्यालयों में पीएचडी प्रवेश के लिए शनिवार तक 2851 अभ्यर्थी रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। इनमें से 1476 अभ्यर्थियों ने फीस जमा करते हुए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। संयुक्त शोध प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 12 अगस्त निर्धारित है।
आर्य कन्या में पीजी प्रवेश कल से
आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में परास्नातक (पीजी) प्रवेश पांच अगस्त से शुरू होने जा रहे हैं। कॉलेज की प्राचार्य प्रो.अर्चना पाठक के अनुसार इविवि की पीजी प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाली छात्राएं एमए राजनीति शास्त्र, समाजशास्त्र, अंग्रेजी एवं संगीत गायन विषय में प्रवेश के लिए पांच अगस्त से महाविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर अपना ऑनलाइन प्रवेश फॉर्म भरकर फीस जमा करा सकती हैं। अधिक जानकारी के लिए फोन नंबर ‘0532-3595590’ पर संपर्क किया जा सकता है।