Prayagraj Police : रिश्वत मांगने का वीडियो वायरल होने पर दस पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई
सीओ सिविल लाइंस के स्टेनो प्रणय मिश्रा पर रिश्वत मांगने के भी आरोप लगे थे। कुछ दिनों पहले ही प्रयागराज पुलिस के ट्विटर हैंडल पर इस संबंध में एक वीडियो भी पोस्ट किया गया था। इसमें एक व्यक्ति सीओ के स्टेनो और कैंट थाने में तैनात एक सिपाही पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए दिख रहा था।
विस्तार
अनियमितताओं में लिप्त पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का क्रम जारी है। इसी के तहत जिले में तैनात 10 अन्य पुलिसकर्मियों को भी हटाकर बाहर भेज दिया गया है। इनमें सीओ सिविल लाइंस के स्टेनो व अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। इन सभी को अलग-अलग जनपदों में तैनात किया गया है।
सीओ सिविल लाइंस के स्टेनो प्रणय मिश्रा पर रिश्वत मांगने के भी आरोप लगे थे। कुछ दिनों पहले ही प्रयागराज पुलिस के ट्विटर हैंडल पर इस संबंध में एक वीडियो भी पोस्ट किया गया था। इसमें एक व्यक्ति सीओ के स्टेनो और कैंट थाने में तैनात एक सिपाही पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए दिख रहा था। इस मामले में जिला पुलिस की ओर से जांच का आश्वासन दिया गया था।
ट्विटर पर की गई थीं कई पुलिसकर्मियों की शिकायतें
मामले की शिकायत मिलने पर अधिकारियों ने इसे गंभीरता से लेते हुए स्टेनो को प्रतापगढ़ स्थानांतरित कर दिया। उसके अलावा शिकायतों के आधार पर ही नौ अन्य पुलिसकर्मियों को भी अलग-अलग जिलों में भेजा गया है। इनमें एसओजी में तैनात रहे विक्रम सिंह यादव, अमरेंद्र कुमार सिंह, अंकित मिश्रा, अंगद गिरि, तीरथ राज, स्वतंत्र कुमार, नितेश कुमार मिश्रा, विनय कुमार और नवीन राय शामिल हैं।
इन्हें प्रतापगढ़, फतेहपुर व कौशाम्बी में भेजा गया है। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही एडीजी जोन प्रेमप्रकाश ने शिकायतों के आधार पर ही 13 दागी पुलिसकर्मियों को जिले से हटाकर प्रतापगढ़ जनपद से संबद्ध कर दिया था। इनमें एसओजी के मौजूदा व पूर्व में तैनात रह चुके कई पुलिसकर्मी शामिल हैं। आईजी डॉ. राकेश सिंह ने बताया कि उपरोक्त पुलिसकर्मियों के संबंध में कई तरह की शिकायतें मिलीं थीं। प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर इनको स्थानांतरित किया गया है।