Aligarh: युवक की चाकू से गोदकर हत्या, खुद थाने पहुंचा आरोपी, आठ गिरफ्तार, बाजार बंद, जवां में दिन भर बवाल
आरोप है कि तभी नामजद लोग पीटते हुए खींचकर गली के कोने पर खुद के ही खंडहर मकान में ले गए। अंदर बनी कोठरी में उसकी गर्दन ईंट के सहारे रखकर छुरे से पहले गला रेता। फिर शरीर पर चाकू से अनगिनत वार किए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुरादाबाद हाईवे पर स्थित मिश्रित आबादी वाले कस्बा जवां में 11 अक्तूबर रात करन उर्फ काली (20) की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुरानी खुन्नस व बहन की फोटो सोशल मीडिया पर डालने के विवाद में हत्या के मुख्य आरोपी असद ने खुद थाने पहुंचकर समर्पण कर दिया। हत्या के बाद भड़की भीड़ ने दूसरे समुदाय के आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने व फांसी देने की मांग पुलिस के समक्ष रख दी। इसे लेकर 11 अक्तूबर आधी रात से लेकर 12 अक्तूबर दिन भर जमकर बवाल काटा। कस्बे में तनाव के हालात के बीच दिन भर बाजार भी बंद रहा। कई बार पुलिस से टकराव के हालात बने। किसी तरह शाम चार बजे हालात नियंत्रित किए जा सके।
सीओ तृतीय सर्वम सिंह के अनुसार घटनाक्रम रात करीब 11:30 बजे का है। कस्बे के मोहल्ला अहेरिया चौक की विधवा महारानी अहेरिया के तीन बेटों में मझला करन नोएडा में किसी ठेकेदार के अधीन काम करता था। दीपावली की छुट्टी लेकर 11 अक्तूबर देर शाम करीब नौ बजे वह बाइक पर नोएडा से घर पहुंचा। तभी खाना खाकर वह घर की गली के बाहर आरोपियों के दरवाजे के सामने आकर खड़ा हो गया।
आरोप है कि तभी नामजद लोग पीटते हुए खींचकर गली के कोने पर खुद के ही खंडहर मकान में ले गए। अंदर बनी कोठरी में उसकी गर्दन ईंट के सहारे रखकर छुरे से पहले गला रेता। फिर शरीर पर चाकू से अनगिनत वार किए। इस बीच करन के छोटे भाई सनी ने भाई की चीख सुनी तो उसने दौड़कर शोर मचाया। उसने देखा कि आरोपी करन पर हमलावर थे। शोर मचने पर भीड़ को आता देख आरोपी उसे वहीं छोड़कर भाग गए। इसी बीच पुलिस पहुंच गई। आनन-फानन करन को सीएचसी ले जाया गया, लेकिन वहां उसे मृत घोषित कर दिया।
रात 1 बजे के बाद भड़की भीड़ ने आरोपियों के घरों में तोड़फोड़ व आगजनी की कोशिश की। दो समुदायों से जुड़ा मामला होने की खबर पर क्षेत्राधिकारी कई थानों के फोर्स के साथ पहुंच गए थे। किसी तरह उन्होंने रात में स्थिति को संभाला। आरोपियों के घरों की तलाशी लेकर धरपकड़ करते हुए घरों पर ताले डलवा दिए। घटनास्थल व आरोपियों के घरों पर पुलिस बल लगाकर किसी तरह स्थिति को संभाला गया। मृतक की मां महारानी की तहरीर पर तीन नाबालिग सहित आठ नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसमें कारणों का उल्लेख नहीं किया गया है। आठों नामजद गिरफ्तार कर लिए गए हैं।
हत्या कर खुद थाने पहुंचे मुख्य आरोपी ने दी सूचना
हत्या के बाद जब शोर मचा तो सभी आरोपी अपने घर की छत पर चढ़ गए। इसी बीच मुख्य आरोपी असद खुद ही थाने पहुंच गया। तब तक किसी ने पुलिस को खबर नहीं दी थी। असद ने वहां पहुंच करन की हत्या करके आने की बात कही। तब पुलिस उसे हवालात में डालने के बाद घटनास्थल की ओर भागी। बाद में घर से अन्य सात आरोपी हिरासत में लेकर थाने भेजे गए।
फिर सुबह से बिगड़े हालात, शाम को संभले
रात में स्थितियों को सामान्य कर लिया गया लेकिन दिन निकलते ही फिर भीड़ थाने के बाहर एकत्रित होने लगी। महिलाओं व युवकों की भीड़ के बीच से बुलडोजर कार्रवाई व फांसी की मांग गूंजने लगी। थाने के बाहर उग्र प्रदर्शन व जाम के दौरान मुरादाबाद एनएच पर पत्थरबाजी तक हुई। कई बार पुलिस से धक्कामुक्की, नोकझोंक व खींचतान के चलते टकराव के हालात बने। पुलिस विरोधी नारेबाजी होती रही। सुबह नौ बजे से शुरू हुआ घटनाक्रम 11 बजे पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचने पर ज्यादा तूल पकड़ गया। शव थाने के सामने ही एंबुलेंस में रखा रहा। शाम चार बजे एसएसपी की मौजूदगी में हुई वार्ता के बाद किसी तरह बात संभली। तब शव अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। तब भीड़ वहां से हटी।
ये नामजद किए गिरफ्तार
इस हत्या में करन की मां की तहरीर पर इदरीश व उसके भाई नफीस खां के अलावा नफीस खां के तीन बेटे मुख्य आरोपी असद, अनश व अल्तमश, इदरीश का 17 वर्षीय नाबालिग बेटा, परिवार के 15 व 17 वर्षीय दो किशोर नामजद किए हैं। एक अज्ञात आरोपी बनाया है। सभी नामजद गिरफ्तार कर लिए गए हैं। बाकी परिवार के कुछ सदस्य व महिलाएं हिरासत में हैं। आरोपियों सहित सभी से उनकी भूमिका व साक्ष्यों को लेकर पूछताछ की जा रही थी।
करन की हत्या के बाद रात में ही सभी आठ नामजद दबोच लिए गए। अब तक की पूछताछ में पुरानी खुन्नस व एक लडक़ी को लेकर विवाद सामने आया है। साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। 12 अक्तूबर को दिन में भीड़ ने बुलडोजर कार्रवाई के लिए सड़क जाम कर प्रदर्शन किया था। उन्हें समझाकर शांत किया गया है। बाकी आगे की कार्रवाई की जा रही है।-नीरज जादौन, एसएसपी