चिराग तले अंधेरा: पड़ोसी हैं पूर्व विधायक, फिर भी पानी के लिए तरस रहे 30 हजार लोग, टैंकर से चला रहे काम
जो नेता जनता की समस्या को उठाते हैं, उनके पड़ोस का हाल बुरा है। अलीगढ़ के वार्ड 71 में पूर्व विधायक समेत बड़ी पार्टियों के नेता निवास करते हैं, पर यहां की जनता पानी के लिए परेशान है। जनता टैंकर से काम चला रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अलीगढ़ शहर का वार्ड संख्या 71 दो पूर्व विधायक, कांग्रेस, सपा और बसपा के बड़े नेताओं का गढ़ है। बावजूद इसके यहां की 30 हजार की आबादी दो सालों से पानी के लिए तरस रही है। यहां तीन नलकूप हैं, मगर हर सप्ताह इनकी मोटर फुंक जाती है। जिसे सही करने में छह से सात दिन लग जाते हैं। बीते 15 दिनों से नलकूप खराब होने से मोहल्लों में टैंकर से पानी की आपूर्ति की जा रही है।
वार्ड संख्या-71 में मोहल्ला टनटनपाड़ा, शेखान, सुनठ, चौक बूंदु खां, बनी इस्राइल खान, दरबारगंज और पीर अताउल्ला शामिल हैं। लगभग 30 हजार की बड़ी आबादी के लिए यहां पर तीन नलकूप हैं। पहला कंजड़ वाला पुल, दूसरा चंदन शहीद रोड और तीसरा कोतवाली के बाहर लगा है। पुराने मोटरों से काम चलाया जाता है, इसलिए अक्सर नलकूप खराब रहते हैं। कभी-कभी तो एक ही दिन में दो-दो बार मोटर खराब हो जाते हैं। जिससे उक्त मोहल्लों में पानी नहीं पहुंच पाता है। इन मोहल्लों में बिछाई गई पाइप लाइन में भी लीकेज रहती है। जिससे घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है।
पार्षद मो. आदिल ने बताया कि 15 दिन से नलकूप खराब होने से लोग पानी के लिए परेशान हैं। दूसरों के घरों और पास के मोहल्लों से पानी लाकर काम चला रहे हैं। कई क्षेत्रों में तो पानी के टैंकर जलापूर्ति कर रहे हैं। मजबूर लोग पीने का पानी खरीद रहे हैं।
यह हैं मोहल्ले के महत्वपूर्ण लोग
- पूर्व विधायक हाजी जमीरउल्लाह खां
- पूर्व विधायक स्व. अब्दुल खालिक
- कांग्रेस नेता व एएमयू छात्र संघ अध्यक्ष सलमान इम्तियाज
- भाजपा अल्पसंख्यक सभा के अध्यक्ष इमरान सैफी
- अब्दुल हमीद घोषी सपा महानगर अध्यक्ष
मोहल्ले में पानी की बड़ी समस्या है। रोजाना परेशान होते हैं। कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई, मगर समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।-शमीम अहमद।
जलापूर्ति की समस्या सालों से है। गर्मियों में तो यह समस्या और विकराल रूप ले लेती है, मगर निगम के अधिकारी इसका निदान नहीं करते हैं।-अनद।
पानी न मिलने से सुबह से लेकर शाम तक मोहल्ले के लोग परेशान रहते हैं। लोग अपना कार्य करें या पानी की व्यवस्था। निगम पानी की भी आपूर्ति नहीं दे पा रहा है।-मो. अनीस।
मूलभूत सुविधाओं में से एक पानी है। मगर टनटनपाड़ा के लोग पानी के लिए भी तरस रहे हैं। हर सप्ताह फुंकने वाले मोटर को बदल कर नया नहीं लगाया जा रहा है।-मो. आसिम।
पानी की समस्या से पूरे वार्ड के लोग परेशान हैं। सुबह से ही लोगों का पानी के लिए घर पर आना शुरू हो जाता है। अंतिम सांस गिन रहा मोटर डाल कर नलकूप चलाया जाता है, जो हर सप्ताह फुंक जाता है। कई-कई बार तो एक दिन में दो-दो बार मोटर फुंक जाते हैं। जिसे बनाने में छह से सात दिन लग जाते हैं। तब तक मोहल्ले में पानी की सप्लाई बंद रहती है। शिकायत के बाद भी जलकल विभाग के अधिकारी चुप्पी साधे बैठे हैं।-मो. आदिल, पार्षद, वार्ड संख्या 71
टनटनपाड़ा में पानी की समस्या का समाधान कराया जा रहा है। नलकूप में आ रही खराबी को दूर कराया जाएगा। जहां पानी की किल्लत हो रही है, वहां पर टैंकर भेज कर जलापूर्ति कराई जा रही है।-पुष्पेंद्र कुमार, एई, जलकल।