यूपी सरकार नहीं चाहती किसानों को मिले मुआवजा
टप्पल के गांव जैदपुरा में गुरुवार को भाजपा की जनसभा हुई। जिसमें केन्द्रीय कृषि राज्यमंत्री संजीव बाल्यान और भाजपा प्रदेश महामंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वर्ष का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। जनसभा को संबोधित करते हुए संजीव बाल्यान ने कहा कि यूपी में प्रदेश सरकार नहीं चाहती कि किसानों को मुआवजा मिले। जो सूची केेंद्र को भेजी गई है। उसमें अनेक किसानों के फर्जी नाम भेज दिए हैं। जिसके चलते फाइल रोकी गई है। पुन: जांच और सर्वे करा पात्रों को मुआवजा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने समस्त देश के मुख्यमंत्रियों की बैठक बुलाई थी। जिसमें किसानों को किसी भी राज्य में अपना माल बेचने की बात रखी गई थी। जिसमें 17 राज्य सरकारों ने सहमति जताई थी, लेकिन अखिलेश सरकार ने सहमती नहीं दी। जिसके चलते किसानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
यूपी के किसानों को अभी लगभग डेढ़ साल और लड़ाई लड़नी होगी। अगर 2017 में प्रदेश में भाजपा की सरकार आई तो माया-मुलायम जेल में होंगे। किसानों के विकास के लिए प्रधानमंत्री कई नये विधेयक लागू करना चाहते हैं, लेकिन राज्यसभा में बहुमत न होने के कारण नहीं हो पाते हैं। भाजपा प्रदेश महामंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि नरेंद्र मोदी शेर हैं। जब चलते हैं तो ओबामा और चाइना भी सलाम करते हैं।
महापुरुषों ने जो भ्रष्टाचार मुक्त भारत का तथा अटल बिहारी वाजपेयी ने देश की सभी नदियों को जोड़ने का जो सपना देखा था उसे नरेंद्र मोदी पूरा करेंगे। गांव के भाजपा नेता प्रमोद चौधरी ने गांव के लिंक मार्ग को बनवाने, 84 कोस की परिक्रमा अंतर्गत आने वाले चार किलोमीटर मालव जैदपुरा मार्ग का सौंदर्यीकरण तथा तालाब को पक्का कराने की मांग की। जिस पर सांसद सतीश गौतम ने इसको करवाने का आश्वासन दिया है।
इस मौके पर सांसद सतीश गौतम, जिलाध्यक्ष देवराज सिंह, सतेंद्रपाल सिंह, कृष्णपाल सिंह, मीना कुमारी, शशि सिंह, उमेश कुमारी, अनूप वाल्मीकि, मधु मिश्रा, प्रमोद चौधरी, सुरेश चौधरी, अतुल अग्रवाल, रनवीर सिंह आदि मौजूद रहे। अध्यक्षता डिगंबर सिंह तथा संचालन शेर सिंह ने किया।