हाथरस में दिनदहाड़े अंधाधुंध फायरिंग, कार सवार दो लोगों को गोलियों से भूना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाथरस शहर के सटे गांव जोगिया के निकट बंबे के किनारे दो स्कार्पियो में सवार होकर आए हमलावरों ने कार सवार दो लोगों की गुरुवार को दिनदहाड़े गोलियों की भूनकर हत्या कर दी। हत्या की वजह जमीनी विवाद बताया जा रहा है।
घटना के बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। दोपहर दो बजे हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद मौके पर काफी भीड़ लग गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना पर डीआईजी और एसपी हाथरस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। देर शाम घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही थी।
स्थानीय इगलास अड्डा माहेश्वरी कॉलोनी निवासी लक्ष्मण सिंह पुत्र केवल सिंह मूल रूप से नगला शेखा थाना बल्देव जिला मथुरा का निवासी था। वह कई साल से अपने परिवार के साथ यहां इगलास रोड स्थित अपने मकान में रह रहा था। इगलास रोड पर ही एक बगीची की जमीन को लेकर उसका यहीं के एक व्यक्ति से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों में कई बार फायरिंग व जानलेवा हमले भी हो चुके थे।
गुरुवार की दोपहर लक्ष्मण अपने साथी रवि पुत्र सुरेंद्र सिंह निवासी नगला मदारी थाना सादाबाद के साथ आईकॉन कार से हाथरस रोड नहर के निकट अपनी बहन के गेस्ट हाउस से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान जोगिया गांव के निकट बंबा के पटरी पर स्कार्पियो सवार हमलावरों ने लक्ष्मण को घेर लिया। हमलावरों ने एक गाड़ी लक्ष्मण की कार के आगे लगा दी और दूसरी पीछे। इस दौरान एक स्कार्पियो से लक्ष्मण की कार को टक्कर भी मारी गई।
इसी दौरान कुछ हमलावरों ने गाड़ियों ने उतरकर दोनों पर गोलियों की बौछार कर दी। मौके पर ही लक्ष्मण और साथी रवि की मौत हो गई। इसके बाद हमलावर नगला भूरा की ओर फरार हो गए। ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाज सुनकर वहां स्थानीय लोगों की भीड़ एकत्रति हो गई। दोनों के शव कार में ही पड़े थे। मौके पर सबसे पहले थाना हाथरस गेट पुलिस पहुंची। इसके बाद सूचना पर कई थानों के फोर्स के साथ एसपी सिद्धार्थ शंकर मीणा और एएसपी सिद्धार्थ वर्मा मौके पर पहुंचे।
दोनों शवों को बागला अस्पताल परिसर में स्थित पोस्टमार्टम गृह पहुंचाया गया। दोनों मृतकों के परिजन भी वहां पहुंच गए। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही डीआईजी अलीगढ़ डॉ.प्रीतेंद्र सिंह भी घटनास्थल पर पहुंच गए। फोरेसिंक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और ब्लड व वहां पड़े कारतूसों के खोखे आदि अपने कब्जे में लिए। देर शाम रिपोर्ट दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही थी। पुलिस पूछताछ के बाद हमलावरों की तलाश में लगातार दबिशें दे रही थी।