थाना क्षेत्र के गांव पनैठी की महिला से लूटपाट कर भाग रहे बदमाश की लोगों की पिटाई के बाद मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पलाश बंसल ने बताया कि आरोपी के भाई की तहरीर पर रोहिना सिंहपुर के ग्राम प्रधान सहित तीन नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। बदमाश की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ था। उसकी के आधार पर कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पलाश बंसल ने बताया सोमवार को बदमाश रवि नायक निवासी नगला बंजारा थाना हरदुआगंज अपने साले अशोक के साथ पनैठी चौकी के पास से रेनू नाम की महिला से एक चेन व मोबाइल लूटकर भाग रहा था। लोगों ने दोनों को दबोच लिया, लेकिन अशोक मौका पाकर भाग गया। रवि की लोगों ने पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। हवालात में उसकी तबियत खराब हो गई थी। उसे उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार सुबह रवि की मौत हो गई। लोगों द्वारा की गई रवि की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ था। उसके आधार पर मृतक के भाई चमन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी बबलू ग्राम प्रधान रोहिना सिंहपुर, रिंकू व ज्ञान प्रकाश निवासी रोहिना सिंहपुर समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने बुधवार को आरोपी शानू, प्रधान बबलू व ज्ञान प्रकाश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।