Aligarh: इंजीनियरिंग छात्र गुटों में विवाद, एक पक्ष ने पाक समर्थित नारे लगवाने तो दूसरे ने चोरी के लगाए आरोप
इस मामले में एक पक्ष ने गैर समुदाय के छात्रों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने कमरे में घुसकर चोरी करने और विरोध पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। प्रॉक्टर कार्यालय के जरिये आईं तहरीरों के आधार पर पुलिस ने दोनों ओर से मुकदमे दर्ज कर लिए हैं और जांच की जा रही है।
विस्तार
एएमयू के सुलेमान हाल में तीन दिन पहले चोरी विवाद में दो इंजीनियरिंग छात्रों के बीच मारपीट का मामला तूल पकड़ रहा है। इस मामले में एक पक्ष ने गैर समुदाय के छात्रों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है, जबकि दूसरे पक्ष ने कमरे में घुसकर चोरी करने और विरोध पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। प्रॉक्टर कार्यालय के जरिये आईं तहरीरों के आधार पर पुलिस ने दोनों ओर से मुकदमे दर्ज कर लिए हैं और जांच की जा रही है। घटनास्थल व उसके आसपास के सीसीटीवी भी दिखवाए जा रहे हैं।
पहला मुकदमा मूल रूप से बुलंदशहर कर्णवास के रहने वाले साहिल कुमार की ओर से दर्ज कराया गया है। साहिल का आरोप है कि वह एमटेक प्रथम वर्ष का छात्र है और नदीम तरीन हॉल में रहता है। वह तीन सितंबर को किसी काम से अपने साथी के पास सुलेमान हॉल गया था, तभी एएमयू के ही छात्र रहवर दानिश व मिस्वाह ने उसे घेरकर पीटा। तमंचे की बट से सिर व शरीर के अन्य हिस्सों पर प्रहार किए। जिससे वह जख्मी हो गया और जेएन मेडिकल कॉलेज में उपचार कराया।
प्रॉक्टर कार्यालय के जरिये तहरीर देकर नामजद मुकदमा दर्ज कराया। इसी तरह रहवर दानिश की ओर से दी तहरीर में कहा है कि वह बीआर्क का छात्र है। नामजद साहिल उसके कमरे में आया और मोबाइल चोरी कर भागने लगा। वह सोया हुआ था। अचानक यह देख उसने दौड़कर साहिल को पकड़ना चाहा तो उस पर रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में वह जख्मी हुआ और मेडिकल में उपचार कराया। रहवर ने भी प्रॉक्टर कार्यालय के जरिये तहरीर दी। दोनों ओर से मुकदमा दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें- पति को मार डाला: रोज पांच-छह घंटे होती थी बात, प्रेमी के पीछे-पीछे जाती थी महिला, हत्या से पहले भी हुआ ये काम
साहिल बोला- रहवर कभी हाथ से कलावा उतरवा देता कभी पाक समर्थित नारे लगवाता
मुकदमा दर्ज होने के तीसरे दिन सिविल लाइंस थाने पहुंचे साहिल ने गंभीर आरोप रहवर व एएमयू प्रॉक्टर कार्यालय पर मढ़े हैं। मीडिया को दिए बयान व थाने में दी दूसरी तहरीर में साहिल का आरोप है कि रहवर अक्सर उसे घेरकर अभद्रता करता था। कभी हाथ से कलावा उतरवा देता था, कभी उससे जबरन पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगवाकर उसका वीडियो बनाता था। बात न मानने पर धमकी देता था। घटना वाले दिन जब वह सुलेमान हाल अपने साथी के पास गया था, तब उसे फिर घेरा गया। रोककर कहा कि अगर उसने बात नहीं मानी तो जैसे दो वर्ष पूर्व उसके क्षेत्र की छात्रा को पीतल का हिजाब पहनाने की धमकी दी थी, उस काम को पूरा नहीं कर पाए थे। मगर तेरे परिवार की युवती को पीतल का हिजाब जरूर पहना दिया जाएगा। इसी बात पर उसने कड़ा ऐतराज जताया तो पीटा गया था। अब अपने बचाव में चोरी की तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
साहिल ने मढ़े गंभीर आरोप, बोला- प्रॉक्टर कार्यालय में बदली गई तहरीर
साहिल का आरोप है कि वह जब तहरीर लेकर प्रॉक्टर कार्यालय गया तो वहां उससे कहा गया था कि तहरीर में सिर्फ मारपीट के आरोप लगाओगे तो उसे फॉरवर्ड किया जाएगा। बाकी कोई आरोप नहीं लगाना। इस पर उसने सिर्फ मारपीट की तहरीर दी थी। इस खबर पर साहिल के समर्थन में भाजयुमो उपाध्यक्ष अमित गोस्वामी आदि भी गए। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई की आवाज उठाई। जिस पर पुलिस ने जांच का भरोसा दिया है। सीओ तृतीय श्वेताभ पांडेय ने बताया कि युवक ने जो तहरीर दी थी, उस आधार पर सभी पक्षों से बात की गई तो सभी आरोप झूठे पाए गए हैं, दोनों युवक आपस में दोस्त हैं। मुद्दे को तूल देने की कोशिश की गई है। तथ्यों की बारीकी से जांच की जा रही है।
इस मामले में दोनों ओर से प्रॉक्टर कार्यालय के जरिये जो तहरीर फारवर्ड होकर आई थीं, उन पर मुकदमा दर्ज किया गया। बाकी अब जो नए आरोप साहिल की ओर से आए हैं, उसमें एएमयू से वार्ता की गई है। एएमयू भी जांच कर रही है। हमारी टीम भी सीसीटीवी आदि देखने जाएगी। उसके आधार पर सच्चाई तय की जाएगी। चूंकि दोनों ही छात्र हैं जो झगड़े की वजह भी समझने का प्रयास किया जा रहा है। -कुलदीप सिंह गुणावत, एसपी सिटी
दोनों ओर से जो तहरीरें मिली थीं, उन्हें फॉरवर्ड किया गया और मुकदमा दर्ज कराया गया। बाकी किसी तरह की तहरीर न हमने बदलवाई और न उसे सलाह दी। सभी आरोप निराधार हैं। -प्रो.वसीम अली, प्रॉक्टर एएमयू