Aligarh: नौकर को दुकानदार ने पीटा, विरोध में देहली गेट पर घंटों जाम व हंगामा
आरोप है कि अशोक ने गाली दे दी। दुकानदार की पत्नी ने विरोध किया तो नौकर अशोक ने अभद्रता करते हुए अश्लील हरकत कर दी। इस पर दुकानदार और उसकी पत्नी ने अशोक को जमकर पीटा। बाद में उसके खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी।
विस्तार
महानगर के रेलवे रोड तांगा स्टैंड बाजार में कपड़े की दुकान पर काम करने वाले अनुसूचित जाति के युवक को बुधवार की शाम दुकानदार स्वामी परिवार की ओर से की गई मारपीट की घटना ने बृहस्पतिवार को बखेड़ा खड़ा कर दिया।
हालांकि कहा जा रहा है कि दुकानदार की पत्नी से अभद्रता और छेड़खानी के विरोध स्वरूप मारपीट हुई, लेकिन बुधवार की रात में युवक की हालत बिगड़ने पर बृहस्पतिवार की सुबह-सुबह लोग विरोध में उतर आए। पहले दुकान पर पहुंचकर हंगामा किया। इसके बाद में देहली गेट चौराहे पर पहुंचकर जाम लगा दिया।
इस दौरान कई घंटे तक चले हंगामे और नोकझोंक के बाद बमुश्किल अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे जाम खुला। पुलिस ने मामले में दोनों ओर से मुकदमा दर्ज करने के साथ दुकानदार पक्ष को हिरासत में ले लिया है। एहतियातन इलाके में पुलिस निगरानी रखे हुए है।
देहली गेट कैलाश गली निवासी अनुसूचित जाति के अशोक कुमार पुत्र गुरुदयाल सिंह रेलवे रोड स्थित तान्या सूट कलेक्शन पर काम करते थे। बुधवार को अशोक दुकान पर काम में लगे थे। उस समय दुकान संचालक गौरव वार्ष्णेय की पत्नी दुकान के काउंटर पर मौजूद थीं। बताते हैं कि तभी रुपयों की गिनती से जुड़े विवाद में अशोक और दुकानदार की पत्नी के बीच बहस हो गई।
आरोप है कि अशोक ने गाली दे दी। दुकानदार की पत्नी ने विरोध किया तो नौकर अशोक ने अभद्रता करते हुए अश्लील हरकत कर दी। इस पर दुकानदार और उसकी पत्नी ने अशोक को जमकर पीटा। बाद में उसके खिलाफ पुलिस को तहरीर दे दी।
चूंकि मारपीट में नौकर अशोक के चोट आई थी, इसलिए पुलिस ने उसे जिला अस्पताल भेजा। जिला अस्पताल में जांच में सिर में किसी रॉड आदि की गंभीर चोट उजागर हुई। हालत नाजुक होने के कारण उसे जेएन मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। हालांकि पुलिस ने दुकान के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज और दुकानदार की तहरीर के आधार पर अशोक पर मुकदमा दर्ज कर लिया था।
रात में अनुसूचित जाति के युवक की हालत गंभीर बताए जाने पर परिवार वाले भड़क उठे और रात में ही उन्होंने गौरव, उसकी पत्नी व तीन अन्य पर मारपीट, हमला, अनुसूचित जाति के उत्पीड़न आदि की तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया।
रात में ही गिरफ्तारी की मांग की, लेकिन उस समय पुलिस ने उन्हें समझाकर घर भेज दिया, मगर बृहस्पतिवार की सुबह तक गिरफ्तारी न होने की खबर पर परिवार वाले और समर्थक भड़क उठे और बखेड़ा खड़ा कर दिया। सुबह दस बजे से शुरू हुआ हंगामा अपराह्न 3:30 बजे खत्म हो सका।
इस प्रकरण में दोनों ओर से मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों के अपने-अपने आरोप हैं। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज में मारपीट करते कैद पाया गया दीपक नाम का एक व्यक्ति हिरासत में है। बाकी की तलाश व तथ्यों की जांच जारी है। अशोक का उपचार जारी है। - कुलदीप सिंह गुणावत, एसपी सिटी।