अलीगढ़ क्रिकेट एकेडमी की ओर से आयोजित स्व. निरंजनलाल सक्सेना मेमोरियल अंडर-14 त्रिकोणीय सीरीज में तेंदुलकर मास्टर्स ने सहवाग ब्लास्टर्स को हराया।
लाल बहादुर शास्त्री कन्या महाविद्यालय के मैदान पर तेंदुलकर मास्टर्स और सहवाग ब्लास्टर्स के बीच खेला गया। सहवाग ब्लास्टर्स के कप्तान वंश यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन तेंदुलकर मास्टर्स के स्पिनर मनुराज जाधव ने अपनी फिरकी गेंदबाजी में टीम को उलझा दिया। पूरी टीम 16.5 ओवर में 87 रन पर सिमट गई। जतिन गुप्ता ने 42 रन की पारी खेली। मनुराज ने तीन विकेट झटके। रुद्रेश वार्ष्णेय व लव वार्ष्णेय ने दो-दो विकेट झटके। तेंदुलकर मास्टर्स ने 10 ओवर में छह विकेट से मैच जीत लिया।
आशीष माहौर ने छह चौके व दो छक्कों की मदद से 15 गेंद में 41 रन की शानदार पारी खेली। यथार्थ अग्रवाल ने 10 रन बनाए। सहवाग ब्लास्टर्स की ओर से देवेश शर्मा ने दो विकेट झटके। आशीष माहौर को मैन ऑफ द मैच व जतिन गुप्ता को फाइटर ऑफ द मैच चुना गया । उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि विनोद सक्सेना बिन्नी ने ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। अंपायरिंग पृथ्वी वार्ष्णेय, अमन वर्मा, स्कोरिंग लक्ष्य जैन ने की। इस अवसर पर एकेडमी के अध्यक्ष मुकेश सक्सेना, विशाल सक्सेना, अजय शर्मा, प्रदीप शर्मा, नरेश कुमार गुल्ला आदि मौजूद रहे।