अलीगढ़ मंडल: विसरा जांच का इंतजार, लंबे समय बाद भी मौत का राज बरकरार
अलीगढ़ मंडल मुख्यालय की प्रयोगशाला में अभी विसरा जांच नहीं हो रही, इसलिए आगरा पर काम का बोझ है। वहां से रिपोर्ट मिलने में विलंब होता है। मगर गंभीर मामलों में प्रयास कर जल्दी रिपोर्ट मंगवाई जाती हैं।
विस्तार
कहने को कानून में बदलाव हुए हैं। भारतीय न्याय संहिता में की गई नई व्यवस्था में वैज्ञानिक जांच पर ज्यादा जोर है, मगर अभी अपने मंडल मुख्यालय पर विसरा जांच की व्यवस्था नहीं हो पाई है। बहुत से परिवारों को अपनों की मौत का राज जानने का बेसब्री से इंतजार है। हालांकि संकेत हैं कि नए वित्तीय वर्ष में स्टाफ तैनाती के बाद यहां विसरा जांच शुरू हो सकेगी। निदेशक विधि विज्ञान प्रयोगशाला सुरेंद्र यादव कहते हैं कि आगामी दो माह में स्टाफ की तैनाती होने की उम्मीद है। इसके बाद यहां विसरा सहित कुछ अन्य जांच शुरू हो सकेंगी।
मंडल मुख्यालय पर वर्ष 2022-23 में मंडलीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला पीएसी-45वीं वाहिनी परिसर में शुरू हुई। प्रारंभिक स्तर पर यहां रसायन, टयूरोजी, बायोलॉजी, भौतिकी, प्रलेख व क्राइम सीन जांच की व्यवस्था शुरू हुई। जिसके तहत यहां खून, नशा उत्पाद, क्राइम सीन, दुष्कर्म के मामलों, नकली रेपर, फर्जी प्रपत्र आदि की जांच शुरू हो गई है। मगर भवन पूरा न बन पाने के कारण अभी विसरा, डीएनए सहित अन्य महत्वपूर्ण जांच शुरू नहीं हो पाईं हैं। अब भवन बनकर तैयार हो गया है। संसाधन भी मिलने लगे हैं। बस स्टाफ की तैनाती का इंतजार है।
मंडल मुख्यालय की प्रयोगशाला में अभी विसरा जांच नहीं हो रही, इसलिए आगरा पर काम का बोझ है। वहां से रिपोर्ट मिलने में विलंब होता है। मगर गंभीर मामलों में प्रयास कर जल्दी रिपोर्ट मंगवाई जाती हैं।-संजीव सुमन, एसएसपी
विज्ञापन विज्ञापन
अभी तक आगरा में होती विसरा जांच
अभी तक जिले के विसरा सैंपल आगरा जाते हैं। पोस्टमार्टम से सीधे संबंधित थानों की पुलिस सैंपल को आगरा भेजती हैं। जहां इसका रिकार्ड रखा जाता है। रिपोर्ट आने पर इसकी सूचना पोस्टमार्टम केंद्र पर व थाने पर आती है। वहां से क्रम के अनुसार ही रिपोर्ट बनाकर भेजी जाती है। हां, जिन मामलों में अदालत जल्दी रिपोर्ट देने का आदेश जारी करती है या फिर पुलिस किसी प्रकरण में कानून व्यवस्था के मद्देनजर प्रयास करती है तो आगरा से जल्दी रिपोर्ट ले ली जाती है। जैसा कि वर्ष 2022 में जहरीली शराब कांड में हुआ था। उस वर्ष सर्वाधिक 243 विसरा सैंपल अपने जिले से आगरा भेजे गए थे।
ये है जिले की मौजूदा स्थिति
वर्ष कुल पोस्टमार्टम विसरा भेजे रिपोर्ट लंबित
2023 1292 184 37
2024 983 163 41
2025 63 09 09
नोट:-ये आंकड़ा पोस्टमार्टम केंद्र का है, कुछ रिपोर्ट थानों पर सीधे भी पहुंच जाती हैं।