बच्चों को आईएएस की तैयारी कराएगा संत फिदेलिस स्कूल
बच्चों को आईएएस की तैयारी कराएगा संत फिदेलिस स्कूल
नासिर हुसैन
अलीगढ़। शहर के लिए एक अच्छी खबर है। संत फिदेलिस स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों को आईएएस की तैयारी कराई जाएगी। नए सत्र से छात्रों को मानवता विषय पढ़ाया जाएगा। क्लास 11-12वीं के छात्र नए विषय को पढ़ेंगे। नए विषय के संबंध में सभी तैयारी कर ली गई हैं। दो जुलाई पढ़ाई शुरू हो जाएगी। संत फिदेलिस स्कूल के पाठ्यक्रम में अब मानवता विषय भी शामिल कर लिया गया है। स्कूल के प्रिंसिपल फादर जॉर्ज पॉल ने बताया कि नया विषय सिविल सर्विसेज, ज्यूडीशरी और पब्लिक सर्विसेज की तैयारी करने वालों के लिए लाभदायक होगा। इसी को ध्यान में रखते हुए मानवता विषय शुरू किया गया है। नया विषय सिर्फ क्लास 11-12वीं के छात्रों को पढ़ाया जाएगा। स्कूल में कक्षा 11वीं में करीब 250 और कक्षा 12वीं में 200 छात्र पढ़ते हैं। उन्होंने बताया कि 12वीं पास करने वाले ज्यादातर छात्र-छात्राओं का सपना आईएएस, आईपीएस, पीसीएस और जज बनने का होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पहले से ही छात्र-छात्राओं को परीक्षा की तैयारियों का बेसिक फंडा सिखाया जाएगा। क्योंकि मानवता विषय में कई दूसरे सहयोगी विषय शामिल होते हैं, तैयारी के वक्त छात्रों को परेशानी नहीं आएगी।