आज यदि हम जल को बचा लेंगे तो कल हमारा भविष्य बचेगा। क्योंकि बिना जल के जीवन संभव नहीं है। हम सभी को मिलकर जल संरक्षण के प्रयास करने होंगे। साथ ही हमें जल के अत्यधिक दोहन को भी रोकना होगा। आखिर आने वाली नई पीढ़ी के भविष्य का जो सवाल है। इन बिंदुओं पर शनिवार को ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स के तहत रैली निकालकर लोगों को जागरूक किया।
इससे पहले रैली का शुभारंभ स्कूल के प्रधानाचार्य श्याम कुंतैल ने किया। यहां उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के विषय में अभी से सोचना होगा और समाज में जागरूकता उत्पन्न करनी होगी। तभी हम अपने आने वाले भविष्य को जीवन के रूप में जल दे पायेंगे। छात्राओं के साथ छात्रों ने भी इस जागरूकता रैली में प्रतिभाग किया। रैली ने शंकर विहार, गीता विहार, रेलवे कॉलोनी, चौधरी विहार, रामघाट रोड पर लोगों को जागरूक कर पुन: स्कूल पर पहुंची। इस मौके पर उप प्रधानाचार्या सुधा सिंह, हिंदी विभाग के प्रभारी डॉ. चंद्र शेखर शर्मा, रूप किशोर शर्मा, सतीश चंद्र, सतीश कुमार, अंबिका शर्मा, प्रवीन ब्रिथारिया, आकांक्षा सिंह, शालिनी रानी, तेजवीर सिंह, पल्लव शर्मा आदि मौजूद रहे।