Aligarh: स्क्रैप कारोबारी दंपती को बंधक बनाकर लूट का खुलासा, पांच अभियुक्त गिरफ्तार, ऐसे दिया वारदात को अंजाम
अलीगढ़ में स्क्रैप कारोबारी के घर लूट का खुलासा कर दिया गया है।। पुलिस ने लूट में पांच लोगों को दबोच लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि कैसे और क्यों लूट को अंजाम दिया।
विस्तार
अलीगढ़ महानगर के देहली गेट क्षेत्र के घुड़ियाबाग स्थित हाथरस वाला पेच में 4 मार्च दोपहर होली मिलने के बहाने हैप्पी होली बोलकर बदमाशों ने स्क्रैप कारोबारी के घर डाके की वारदात को अंजाम दे डाला। इस दौरान मारपीट करते हुए तमंचे-चाकू से डरा धमकाकर कारोबारी दंपती को एक कमरे में बंधक बना दिया। इसके बाद जेवरात, नकदी व मोबाइल आदि लूट ले गए।
यह भी पढ़ें... Aligarh News: होली खेलने के बहाने घुसे घर में, स्क्रैप कारोबारी दंपती को बंधक बनाकर लाखों की डकैती
खबर पर हरकत में आई पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से बदमाशों की पहचान करते हुए 24 घंटे में घटना का खुलासा कर दिया। इस घटना में शामिल पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर 5 मार्च को जेल भेजा है। इनमें भूरा उर्फ निजामुद्दीन के अलावा उसका साथी गोश्त वाली गली रोरावर का आरिफ, मूल रूप से फरीदाबाद डबुआ कॉलोनी हाल शाहजमाल का नदीम, मूल रूप से बुलंदशहर खुर्जा देहात आबदा हाल जुबैरा मस्जिद रोरावर का हासिम व नीवरी रोरावर का पप्पू शामिल है। इनका एक साथी शाहरुख अभी फरार है।
वरिष्ठ भाजपा नेता महानगर उपाध्यक्ष सुबोध स्वीटी की बहन सुमन व बहनोई विनोद कुमार वार्ष्णेय हाथरस वाला पेच में रहते हैं। उनका स्क्रैप का कारोबार है। घर के निचले हिस्से में गोदाम बना रखा है, जहां से व्यापार संचालित होता है, जबकि पहले माले पर कारोबारी दंपती रहते हैं। उनके इकलौते बेटे आकाश का पूर्व में निधन हो चुका है। बेटी आकांक्षा नोएडा में रहकर जॉब करती है।
वाकया 4 मार्च को धूल के दिन दोपहर करीब 12:47 बजे का है। कारोबारी दंपती पहले माले पर घर में ही थे। तभी सीढि़यों से कुछ लोग ऊपर आए और दरवाजे पर दस्तक दी। विनोद ने जैसे ही जाली की खिड़कीनुमा दरवाजा खोला तो होली के रंगों से पुते चेहरों वाले चार युवक खड़े थे। उन्होंने पूछा कि कौन है तो एक ने हैप्पी होली बोलते हुए होली मिलने की बात कही। दरवाजा खुलते ही धक्का मारकर विनोद को अंदर कर चारों घर में आ गए। उन्होंने विनोद व सुमन को तमंचा व चाकू के बल पर डराना धमकाना शुरू कर दिया। विरोध करने पर मारपीट करते हुए दोनों को एक कमरे में बंधक बनाकर घर की तलाशी ली।
पहले बेटी के कमरे में गए। जहां अलमीरा से करीब दस हजार रुपये एकत्रित किए। फिर महिला को डराने लगे तो महिला ने हाथों से कंगन उतारकर दे दिए। इसी बीच महिला द्वारा शोर मचाने पर बदमाश गोली मारने की धमकी देते हुए बाहर रसोई पर रखे मोबाइल लेकर भाग गए। मारपीट से महिला के हाथ में भी चोट आ गई।
बदमाशों के जाने के बाद फैली खबर से इलाके में दहशत फैल गई। सुबोध स्वीटी सहित तमाम भाजपाई पहुंच गए। एसएसपी नीरज जादौन, एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक, एएसपी मयंक पाठक सहित फील्ड यूनिट, एसओजी आदि पहुंच गई। पुलिस टीमों ने जांच पड़ताल कर सीसीटीवी की मदद से बदमाशों की पहचान करते हुए पांच बदमाशों को दबोच लिया।
उजागर हुआ कि बदमाशों की संख्या छह थी। दो बदमाश घर के नीचे खड़े थे। ताकि किसी के आने पर अपने साथियों को सचेत किया जा सके। पकड़े गए बदमाशों से लूटे गए माल में से मोबाइल, साढ़े सात हजार रुपये नकद व महिला के सोने के कंगन भी बरामद किए गए। घटना में प्रयुक्त बाइक, तमंचा चाकू भी बरामद किया गया। इन पांचों को बृहस्पतिवार को जेल भेजा गया है। एसएसपी नीरज जादौन ने त्वरित गति से खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार के नकद इनाम की घोषणा की है।
अलीगढ़ महानगर के हाथरस वाला पेच में स्क्रैप कारोबारी के घर धूल के दिन डाके को अंजाम देने वाले बदमाशों ने चार दिन पहले रेकी की थी। साथ में होली के दिन इलाके में सन्नाटा होने पर प्लान बनाकर इस घटना को अंजाम दिया। पकड़े गए बदमाशों में से एक स्क्रैप कारोबारी से कबाड़ खरीदता है। उसी ने कारोबारी दंपती के अकेले होने व घर में माल मिलने की बात दोस्तों को बताकर इस वारदात का प्लान बनाया। 70 से ज्यादा सीसीटीवी में आते-जाते कैद होने पर वे पहचान लिए गए और चंद घंटों में ही दबोच लिए गए।
बृहस्पतिवार दोपहर पुलिस लाइन में घटना का खुलासा करते हुए एसएसपी नीरज जादौन ने प्रेसवार्ता में बताया कि पकड़े गए बदमाशों में रोरावर क्षेत्र की गोश्त वाली गली का भूरा उर्फ निजामुद्दीन कबाड़ खरीदता है। वह अक्सर विनोद कुमार वार्ष्णेय से माल खरीदता है। पिछले दिनों जब वह माल खरीदने आया तो उसने देखा कि इनके पास रुपयों की आमद भी काफी है।
हाथरस वाले पेच का इलाका भी एकांत में है। कारोबारी दंपती भी अकेले रहते हैं। बस यही सोचकर उसने अपने दोस्तों से वारदात को अंजाम देने का प्लान साझा किया। इसके बाद घटना से चार दिन पहले भूरा ने अपने एक अन्य साथी के साथ रेकी की। उसी दिन होली की धूल पर दोपहर में वारदात को अंजाम देना तय किया। इस अवसर पर एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक, एएसपी मयंक पाठक आदि शामिल रहे।
15 मिनट घर के नीचे खड़े रहे दो बदमाश, बाद में आए बाकी
घटना को अंजाम देने के लिए भूरा व उसका एक अन्य साथी पहले पहुंच गए थे। वे दोनों बाइक से आए। उन्होंने 15 मिनट तक अपने साथियों का इंतजार किया। साथ में यह भी देखा कि अब कोई आवाजाही नहीं हो रही। हाथरस वाले पेच में 15-20 घरों की आबादी है। इसलिए वहां जल्दी सब सामान्य हो गया था।
उन्होंने 15 मिनट तक इंतजार करने के बाद अपने साथियों को इशारा किया। तब वे बारहद्वारी चौराहे पर आए। इसके बाद अंदर से एक साथी उन्हें लेने पहुंचा। अंदर पहुंचकर चार बदमाश घर में गए, जबकि दो नीचे खड़े होकर निगरानी में लगे रहे। बदमाश घर में बमुश्किल दस मिनट रुके होंगे। 12:47 बजे घर में प्रवेश के बाद एक बजे से पहले पहले वारदात को अंजाम देकर वापस चले गए।
महिला लड़ी बदमाशों से, बचाया माल, एसएसपी ने दिया सम्मान
एसएसपी ने बताया कि जब बदमाश घर में अंदर घुसे और उन्होंने मारपीट करने के साथ हथियार दिखाकर डराना शुरू किया तो महिला सुमन ने बदमाशों से मोर्चा लिया। बदमाशों ने यहां तक कहा कि चुपचाप सामान दे दो, वरना मार देंगे। इस पर महिला ने बदमाशों ने खींचतान की। इस खींचतान में एक बदमाश के हाथ तक में महिला ने काट लिया। खींचतान में महिला के हाथ में चोट लगी। बाद में दंपती को बेशक बदमाशों ने कमरे में बंधक बना दिया, लेकिन महिला शोर मचाती रही। इसलिए बदमाशों के पैर उखड़ गए। वे सिर्फ एक कमरे में तलाशी लेकर और महिला से कंगन उतरवाकर जाते समय अंदर ही रहने की धमकी देकर चले गए। बदमाश उस कमरे में नहीं जा सके। जहां घर के जेवरात व मोटी रकम रखी हुई थी। अगर वहां चले जाते तो शायद माल ज्यादा चला जाता। महिला द्वारा दिखाए गए साहस को लेकर एसएसपी ने बृहस्पतिवार को खुलासे के समय पहुंची महिला को बुके देकर सम्मानित किया।
बेटी के कमरे की अलमारी तोड़ी, साक्ष्य मिटाने के लिए ले गए वाई-फाई
बदमाशों ने विनोद की इंजीनियर बेटी आकांक्षा के कमरे में अलमारी के ताले तोड़कर उसमें रखी नकदी व सामान को समेट लिया। शातिर बदमाश जाते समय दो मोबाइल फोन के साथ-साथ घर में लगा वाई-फाई राउटर भी उखाड़ ले गए, ताकि इंटरनेट के जरिए कोई सूचना बाहर न जा सके या डिजिटल सबूत प्रभावित हों।
गर्लफ्रेंड को गिफ्ट किए दोनों कंगन
एसएसपी ने बताया कि इस घटना के खुलासे में तीन टीमों को लगाया गया, जिसमें थाना देहली गेट के 2023 बैच के तीन दरोगाओं के अलावा सिटी एसओजी टीम शामिल रही। एएसपी मयंक पाठक की अगुवाई में टीमों ने सीसीटीवी देखे तो बदमाश गूलर रोड के रास्ते आए और जाते समय गूलर रोड से ही शाहजमाल होकर गायब हो गए। बाद में सीसीटीवी से उनकी पहचान हुई। भूरा उर्फ निजामुद्दीन के अलावा उसका साथी गोश्त वाली गली रोरावर का आरिफ, मूल रूप से फरीदाबाद डबुआ कॉलोनी हाल शाहजमाल का नदीम, मूल रूप से बुलंदशहर खुर्जा देहात आबदा हाल जुबैरा मस्जिद रोरावर का हासिम व नीवरी रोरावर का पप्पू पकड़े गए। इनका एक साथी शाहरुख अभी फरार है। वहीं जांच में यह भी उजागर हुआ कि भूरा ने लूटे गए कंगन अपनी गर्लफ्रेंड को दे दिए थे। पुलिस ने उन्हें बाद में बरामद किया। इनमें से एक अपराधी आरिफ पर पहले से अपराध दर्ज हैं। बाकी सभी पहली बार जेल भेजे गए हैं। इधर, इस खुलासे पर भाजपा नेता सुबोध स्वीटी, पूर्व महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, संजय गोयल आदि ने भी पुलिस टीम का आभार जताया है।