आरएमपीएसयू: परीक्षा के दो दिन बाद ही मूल्यांकन शुरू, 20 दिसंबर के बाद रिजल्ट जारी करने की तैयारी
आरएमपीएसयू की विषम सेमेस्टर परीक्षाएं 17 नवंबर से शुरू हुईं। 19 नवंबर से डिजिटल मूल्यांकन शुरू हो गया है । 24 दिसंबर तक चलने वाली परीक्षाओं का परिणाम 20 दिसंबर से जारी करने की तैयारी हो रही है।
विस्तार
राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय (आरएमपीएसयू) की विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं 17 नवंबर से शुरू हुईं। दो दिन बाद ही 19 नवंबर से उत्तर पुस्तिकाओं का डिजिटल मूल्यांकन शुरू कर दिया गया है। 24 दिसंबर तक संचालित होने वाली इन परीक्षाओं का परिणाम 20 दिसंबर से जारी करने की तैयारी हो रही है। अलीगढ़ मंडल के चार जनपदों (अलीगढ़, हाथरस, एटा और कासगंज) के 202 परीक्षा केंद्रों पर विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं हो रही हैं। 2.83 लाख विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं। लगभग 12.50 कॉपियां जांची जाएंगी।
विवि प्रशासन ने वर्ष 2025 की भांति इस वर्ष भी डिजिटल माध्यम से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन प्रारंभ कर दिया है। कुलपति प्रो. नरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि विवि ने वर्ष 2025 में डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली के माध्यम से उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराया था। इसके सकारात्मक अनुभव को देखते हुए इस वर्ष भी इसी व्यवस्था को जारी रखा जा रहा है। इसके अंतर्गत नोडल केंद्रों से प्राप्त उत्तर पुस्तिकाओं को अधिकृत एजेंसी के माध्यम से डिजिटल प्रारूप में परिवर्तित कर मूल्यांकन के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है।
डिजिटल मूल्यांकन की प्रक्रिया में पैकेटों की गणना, विषय कोड एवं कुंजी (की) की प्रविष्टि, बैग आईडी जनरेशन, बारकोडिंग, स्कैनिंग और हैशिंग जैसी सभी प्रक्रियाएं उच्चस्तरीय सुरक्षा मानकों के अनुरूप संपन्न की जाएंगी। स्कैनिंग के दौरान उत्तर पुस्तिकाओं का ब्योरा सीधे एन्क्रिप्टेड (कूटबद्ध) रूप में सर्वर पर स्थानांतरित होगा, जिससे किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ की संभावना नहीं रहती।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन निर्धारित केंद्रों पर विषय विशेषज्ञों द्वारा विशिष्ट यूजर आईडी एवं पासवर्ड के माध्यम से किया जा रहा है। मूल्यांकन के बाद प्राप्त अंकों को भी गोपनीय एवं सुरक्षित सर्वर पर संरक्षित रखा जाएगा तथा डाटा का मिलान करने के बाद ही विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराया जाएगा।
कुलपति ने कहा कि डिजिटल मूल्यांकन व्यवस्था से परीक्षा परिणाम समयबद्ध तरीके से घोषित किए जा सकेंगे। परीक्षा नियंत्रक धीरेंद्र कुमार ने बताया कि डिजिटल मूल्यांकन की पूरी प्रक्रिया सुरक्षित है। उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैनिंग से लेकर अंकों के संकलन तक प्रत्येक चरण में गोपनीयता एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाता है।
पांच डिग्री कॉलेजों में होगा मूल्यांकन
परीक्षा नियंत्रक धीरेंद्र कुुमार ने बताया कि मूल्यांकन प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने के लिए अलीगढ़ मंडल में पांच मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। इसमें केए पीजी कॉलेज कासगंज, जेएलएन पीजी कॉलेज एटा, पीसी बागला कॉलेज हाथरस, डीएस कॉलेज अलीगढ़, एसवी कॉलेज अलीगढ़ शामिल हैं, जहां मूल्यांकन कराया जाएगा।
