बारिश की मार: अलीगढ़ में सब्जियों के दाम में उछाल, टमाटर के नखरे लाल, प्याज खा रही भाव
अलीगढ़ जिले में बारिश के चलते खेतों में पानी लगे होने के कारण सब्जी की आवक मंडी तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्र से भी आने वाली सब्जियों की आवक थोड़ी थम गई है। इसके चलते अलीगढ़ में धनीपुर स्थित सब्जी मंडी में भी सब्जियों के भाव बढ़ गए हैं।
विस्तार
बारिश के चलते सब्जियों की कीमतें बढ़ गई हैं। टमाटर के नखरे जहां लाल होने लगे हैं, वहीं प्याज भी भाव खाने लगी है। बारिश के चलते आलू में सीलन आने लगी है, उसे बचा पाना भी मुश्किल हो रहा है। सब्जियों का राजा आलू भी महंगा हो गया है। अन्य सब्जियों की कीमतों में भी भारी उछाल देखा जा रहा है।
इस बार मानसून कुछ समय से पहले आ गया है। मैदानी भागों में जहां बारिश हो रही है, वहीं पर पहाड़ी क्षेत्रों में भी वहीं हालात हैं। इसके चलते सब्जियों के दाम बढ़ गए हैं। अलीगढ़ जिले में भी बारिश के चलते खेतों में पानी लगे होने के कारण सब्जी का आवक मंडी तक पहुंचने में दिक्कत हो रही है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्र से भी आने वाली सब्जियों की आवक थोड़ी थम गई है। इसके चलते अलीगढ़ में धनीपुर स्थित सब्जी मंडी में भी सब्जियों के भाव बढ़ गए हैं।
जिले भर में रेहड़ी- पटरी पर सब्जी बेचने वालों ने सब्जियों के दाम बढ़ा दिए हैं। गली-मोहल्ले में भी धकेल वालों ने सब्जी की कीमत बढ़ा दी है। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि उन्हें मंडी से ही बढ़ी हुई कीमतों में सब्जी मिल रही है, इसलिए मजबूरी में उन्हें भी महंगी कीमतों में बेचना पड़ रहा है। खेतों में बारिश के पानी भरे होने के कारण पालक, टमाटर, मिर्च समेत तमाम सब्जियां खराब हो रही है। किसान भी परेशान हैं। सब्जियों की बड़ी कीमतों का एक यह भी कारण बताया जा रहा है।
अलीगढ़ में सब्जियों के दाम
शहर के स्वर्णजयंती नगर कॉलोनी में ओमवीर वेजिटेबल शॉप के सब्जी विक्रेता ओमवीर ने बताया कि इस सप्ताह में ही सब्जियों के दाम बढ़े हैं। बारिश से खेतों में पानी भर गया, जिससे किसानों को नुकसान हो रहा है। शायद यह सबसे बड़ी वजह है सब्जियों के दाम बढ़ने की।
सब्जी दाम (रू प्रति किलो)
आलू 30 से 35
टमाटर 60 से 80
प्याज 50 से 60
हरी मिर्च 80
बैंगन 50
ककरोंदा 150
खीरा 50
तोरईं 60
भिंडी 60
गाजर 60
करेला 60
अरबी 60
फली 60
परमल 60
अदरक 200
नीबू 120
लौकी 30
थाली से गायब सलाद
सब्जियों के दाम बढ़ने से थाली में सलाद गायब होने लगा है। टमाटर, प्याज, हरी मिर्च, खीरा और नीबू के दाम इस कदर बढ़े हैं कि लोग अब इन सब्जियों का उपयोग सलाद के रूप में कम करते जा रहे हैं। अगर इसी तरह से सलाद में प्रयुक्त होने वाली सब्जियों के दाम बढ़े तो थाली में बस रह जाएगी रोटी, सब्जी और दाल, सलाद नजर नहीं आएगा।