बुधवार (आज) धूमधाम से कोरोना प्रोटोकॉल के साथ गणतंत्र दिवस समारोह मनाया जाएगा। कमिश्नरी, कलेक्ट्रेट और पुलिस लाइन में गणतंत्र दिवस के मुख्य आयोजन होंगे। इसके साथ ही शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों एएमयू, शिक्षण संस्थान और सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण कार्यक्रम होंगे। मंगलवार शाम तक सभी जगह आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। सरकारी कार्यालयों की इमारत पर सजावट की गई। गणतंत्र दिवस को लेकर बच्चों, बुजुर्गों के साथ युवाओं में काफी उत्साह है। हालांकि आचार संहिता को देखते हुए रैली की कोई अनुमति नहीं दी गई। जबकि सार्वजनिक स्थल, होटल, रेस्टोरेंट आदि जगहों पर पुलिस ने सतर्कता अभियान चलाकर चेकिंग की।
कमिश्नरी में मंडलायुक्त गौरव दयाल, कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी व पुलिस लाइन में एसएसपी कलानिधि नैथानी के नेतृत्व में गणतंत्र दिवस के मुख्य कार्यक्रम आयोजित होंगे। जवानों की परेड से लेकर ध्वजारोहण और राष्ट्रगान व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की तैयारियां मंगलवार शाम तक पूरी कर ली गई थीं। इनके अलावा रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस अड्डा, परिवहन विभाग, परिवहन निगम, विकास भवन, जिला पंचायत, कचहरी, बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, पोस्ट ऑफिस, बैंक आदि जगहों पर भी ध्वजारोहण को लेकर तैयारियां की गईं। अधिकांश विभागों की इमारतें मंगलवार रात को सतरंगी रोशनी में चमकती रहीं। गुब्बारे, विजय पताका, तिरंगा झंडा आदि से भी खूबसूरत सजावट की गई है। इसके अलावा शहर में विभिन्न सामाजिक संगठन सार्वजनिक स्थानों पर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित करेंगे। युवाओं में गणतंत्र दिवस को लेकर काफी उत्साह है। लेकिन आचार संहिता के चलते शहर में रैली निकालने की अनुमति किसी को भी नहीं दी गई है। जबकि सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस प्रशासन ने शहर के होटल, रेस्टोरेंट, रेलवे स्टेशन, बस स्टेंड आदि सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। आने-जाने वाले संदिग्ध लोगों पर नजर रखी गई। पुलिस के साथ स्वान दस्ता भी साथ में चेकिंग करता रहा।