{"_id":"65284207435d848cf5095fb5","slug":"ram-baraat-took-place-in-aligarh-2023-10-13","type":"story","status":"publish","title_hn":"Aligarh News: राम बरात के स्वागत को उमड़ा शहर, हुई पुष्पवर्षा, जनकपुरी में हुआ बरातियों का स्वागत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Aligarh News: राम बरात के स्वागत को उमड़ा शहर, हुई पुष्पवर्षा, जनकपुरी में हुआ बरातियों का स्वागत
Fri, 13 Oct 2023 12:29 AM IST
चमन शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
Published by: चमन शर्मा
Updated Fri, 13 Oct 2023 12:29 AM IST
सार
अचल ताल स्थित चल रही रामलीला के तहत सेंटर प्वाइंट स्थित टीकाराम मंदिर से परंपरागत तरीके से राम बरात निकाली गई। शहर विधायक मुक्ता संजीव राजा ने प्रभु राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न का तिलक कर भव्य आरती की। राम बरात में भगवान विष्णु, महादेव, ब्रह्मा, गुरु विश्वामित्र, राजा दशरथ, हनुमान समेत करीब 20 नयनाभिराम झांकियां शामिल थीं।
विज्ञापन
अलीगढ़ राम बरात में राम और लक्ष्मण स्वरूप
- फोटो : संवाद
विस्तार
अलीगढ़ में श्री रामलीला गोशाला कमेटी की ओर से आयोजित रामलीला महोत्सव में बृहस्पतिवार को भव्य राम बरात निकाली गई। शहर के लोगों ने राम बारात का अभिनंदन किया, जय श्रीराम के जयघोष से रामघाट रोड गूंज उठा। राजा दशरथ, विश्वामित्र, राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न के स्वागत में शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर राम बरात का भव्य स्वागत किया। प्रभु श्रीराम के नयनाभिराम दर्शन को जनकपुर वासियों की अखियां एक टक निहारती रहीं।
विज्ञापन
अचल ताल स्थित चल रही रामलीला के तहत सेंटर प्वाइंट स्थित टीकाराम मंदिर से परंपरागत तरीके से राम बरात निकाली गई। शहर विधायक मुक्ता संजीव राजा ने प्रभु राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न का तिलक कर भव्य आरती की। राम बरात में भगवान विष्णु, महादेव, ब्रह्मा, गुरु विश्वामित्र, राजा दशरथ, हनुमान समेत करीब 20 नयनाभिराम झांकियां शामिल थीं। राम बरात को देव मोटर्स के स्वामी डिंकल अग्रवाल, डॉ. संजय भार्गव, कमेटी के अध्यक्ष विमल अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
विज्ञापन
डीजे, बैंडबाजे और शहनाई की मधुर धुनों के साथ राम बरात जनकपुरी के लिए निकल पड़ी। रामघाट रोड पर पहुंचते ही भव्य स्वागत करने का सिलसिला शुरू हो गया। लोग अपने घरों की छतों से प्रभु श्रीराम के दर्शन को लालायित हो उठे। तमाम भक्त हाथों में आरती की थाल लेकर प्रभु श्री राम और लक्ष्मण की आरती के लिए दौड़ पड़े।
विज्ञापन
राम बरात सेंटर प्वाइंट स्थित टीकाराम मंदिर से प्रारंभ होकर समद रोड, अतरौली अड्डा, रामघाट रोड से सुदामापुरी, विष्णुपुरी होती हुई गुरुद्वारा रोड, छर्रा अड्डा पुल, नौरंगाबाद पुल से जनकपुरी रामलीला मैदान पहुंची। बैंड की धुन पर भक्तगण भी नृत्य करते हुए चल रहे थे। प्रभु राम की बरात की राजा जनक ने अगवानी की और सभी बरातियों का आदर-सत्कार किया।
मार्ग में राम बरात का विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा से जोरदार स्वागत हुआ। आतिशबाजी भी हुई। यहां अध्यक्ष विमल अग्रवाल, सचिव अरविंद अग्रवाल, संयोजक विक्रांत गर्ग, रिषभ गर्ग, अन्नू बीडी, संयम पाराशर, आकाश अग्रवाल, राजेश गर्ग, सह-संयोजक सीए पीयूष अग्रवाल, मीडिया प्रभारी गुंजित वार्ष्णेय, अंकित स्वास्तिक, अर्जुन गोविल, रोबिन वार्ष्णेय, शैलेंद्र अग्रवाल, प्रदीप उपाध्याय, गौरव आनंदम, लकी वार्ष्णेय, मनीष भगत आदि थे।