Mission Election : अब अलीगढ़ नहीं 25 को बुलंदशहर से चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे पीएम मोदी, रैली का आयोजन
25 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अलीगढ़ नहीं आ रहे हैं। भाजपा के ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने इसकी पुष्टि की है। अब 25 जनवरी को पीएम मोदी बुलंदशहर से लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंकेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के ठीक बाद पीएम नरेंद्र मोदी भाजपा की लोकसभा चुनाव की तैयारियों का आगाज अब अलीगढ़ के बजाय बुलंदशहर से करेंगे। इसकी पुष्टि भाजपा के ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने की है। साथ में यह भी संकेत दिया हैं कि अब फरवरी माह में प्रधानमंत्री अलीगढ़ आ सकते हैं।
दो दिन पहले स्थानीय भाजपा इकाई को यह संकेत पार्टी हाईकमान से मिला था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिमी और ब्रज क्षेत्र की 29 लोकसभा सीटों के लिए एक रैली अलीगढ में करेंगे। नवमतदाता व कार्यकर्ता सम्मेलन के तौर पर इस रैली में पूरे पश्चिमी यूपी से लोगों को बुलाने का लक्ष्य तय किया गया था। चुनाव आचार संहिता से पहले तीन रैली यूपी में होनी हैं, इनमें एक अलीगढ़, दूसरी आजमगढ़ व तीसरी लखनऊ में होगी। इसे लेकर संगठन स्तर से तैयारियां शुरू कर दी गईं। खुद भाजपा ब्रज प्रांत अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने यहां डेरा डाल दिया था। रैली के लिए आगरा के विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल को संयोजक व आलोक गुप्ता को सहसंयोजक बनाया गया। वह भी अलीगढ़ पहुंच गए थे।
16 जनवरी को सुबह तैयारियों पर मंथन के लिए सर्किट हाउस में बैठक भी की, जिसमें पांच लाख की भीड़ पश्चिमी यूपी से जुटाने का लक्ष्य रखा गया। ढाई लाख अकेले अलीगढ़ से व ढाई लाख पूरे पश्चिमी यूपी से बुलाना तय किया गया। मगर दोपहर बाद अचानक केंद्र व प्रदेश स्तर से यह सूचना मिली कि रैली स्थगित कर दी गई है। सूत्र बताते हैं कि जिन परियोजनाओं का लोकार्पण करना था, वे अभी अधूरी हैं। इस वजह से इस रैली को यहां से बुलंदशहर शिफ्ट करना तय किया गया है। बाकी पार्टी नेता अभी किसी तरह का स्थानीय कारण नहीं स्वीकार रहे हैं। हां, इतना जरूर कहा जा रहा है कि अब पीएम का दौरा फरवरी माह में अलीगढ़ तय होगा। महानगर अध्यक्ष इंजी.राजीव शर्मा व जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह लाला कहते हैं कि हमारी तैयारी पूरी थी। अब जो संगठन का निर्देश होगा, उसके अनुसार काम किया जाएगा। अब हम बुलंदशहर रैली में शामिल होने के लिए भीड़ लेकर जाएंगे।
ये सही है कि अब ब्रज क्षेत्र के अलीगढ़ में पीएम की रैली नहीं होगी। कतिपय कारणों से रैली अब पश्चिम क्षेत्र के बुलंदशहर में तय हो रही है। बाकी नए सिरे से अलीगढ़ की तारीख तय होगी। इसके पीछे कोई स्थानीय कारण नहीं है।-दुर्विजय सिंह शाक्य, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष भाजपा
दोपहर तक होती रही भीड़ जुटाने की तैयारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तालानगरी में 25 जनवरी को होने वाली रैली में पांच लाख लोगों को एकत्र करने की तैयारी दोपहर तक भाजपा कर रही थी। इसके लिए लिए पांच हजार बस व दस हजार छोटे वाहनों का इंतजाम करने पर सुबह सर्किट हाउस की बैठक में मंथन हुआ।
इस दौरान ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य व रैली प्रभारी पुरषोत्तम खंडेलवाल ने तैयारियों की समीक्षा की। इस समीक्षा के बाद शाम को जनप्रतिनिधियों की बैठक होनी थी। मगर प्रदेश नेतृत्व से इशारा मिलने के बाद शाम की बैठक स्थगित कर दी गई और रैली न होने की सूचना देकर डेरा डाले पदाधिकारी यहां से रवाना हो गए।
इस बैठक में महानगर अध्यक्ष इंजी.राजीव शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण पाल सिंह लाला, जिला महामंत्री शिवनारायण शर्मा, महापौर प्रशांत सिंघल, शहर विधायक मुक्ता राजा, एमएलसी मानवेन्द्र प्रताप सिंह, राज सक्सेना,पूर्व महापौर आशुतोष वार्ष्णेय, सुरेंद्र अग्रवाल, गोपाल माहेश्वरी, गौरव शर्मा,सुरेश शर्मा, सुधा सिंह, मानव महाजन, विजय विक्रम, वैभव गौतम, यतिन दीक्षित, गंगा सरन दिवाकर, आनंद सक्सेना, आदित्य अग्रवाल आदि मौजूद रहे।