राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद की प्रेसिडेंशियल स्पेशल ट्रेन से दिल्ली से चलकर वाया अलीगढ़ कानपुर जाएगी। दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच यह ट्रेन गुजरेगी। प्रशासन, पुलिस और रेलवे की ओर से अलीगढ़ में हाई अलर्ट घोषित किया है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की गई है। आरपीएफ के साथ ही आरपीएसएफ रहेगी। वहीं, जीआरपी लाइन से भी 150 पुलिसकर्मी आए हैं। सिविल पुलिस अपने-अपने थाना क्षेत्रों में तैनात रहेगी। वहीं, प्रशासन की ओर से आठ जोन व 15 सेक्टरों में जिले को बांटा गया है। चार सुपर जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था देखेंगे। बृहस्पतिवार को सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए अलीगढ़ जंक्शन पर एडीएम सिटी व एसपी सिटी मय फोर्स पहुंचे। आरपीएफ और जीआरपी को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि जिले में करीब 35 किलोमीटर के दायरे से यह ट्रेन गुजरेगी। ऐसे में प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर तैयारी पूरी कर ली है। आठ जोन व 15 सेक्टरों में जिले को बांटा गया है। रेलवे ट्रैक व रेलवे स्टेशन के हिसाब से यह जोन बनाए गए हैं। इनमें जोन प्रभारी व सुपर जोन प्रभारी के रूप में मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं। सभी अंडरपास, कट, पुलिया, पुल व स्टेशन पर भी मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। एसडीएम खैर अंजनी कुमार सिंह, एसडीएम गभाना प्रवीन कुमार, एसडीएम कोल कुंवर बहादुर सिंह अपनी-अपनी तहसीलों में रेल पटरी के हिसाब से बनाए गए जोन के प्रभारी होंगे। शहर में एसीएम द्वितीय अंजुम बी, एसीएम प्रथम संदीप केला को लगाया गया है। जोन छह में एसएलएओ संजीव कुमार ओझा को प्रभारी बनाया गया है। जोन सात में एसडीएम इगलास कुलदेव सिंह को प्रभारी बनाया गया है। जोन आठ में सिटी मजिस्ट्रेट विनीत कुमार सिंह को प्रभारी बनाया है। इसके साथ ही सुपर जोन मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। इसमें एडीएम प्रशासन डीपी पाल को एक से तृतीय जोन की जिम्मेदारी मिली है। एडीएम न्यायिक राकेश पटेल को जोन चार व पांच की जिम्मेदारी मिली है। एडीएम वित्त एवं राजस्व विधान जायसवाल को छह, सात व आठ जोन का प्रभारी बनाया गया है। एडीएम सिटी राकेश कुमार मालपाणी रेलवे स्टेशन के सुपर जोनल मजिस्ट्रेट होंगे।