फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   Preparing to win the war with the shield of development and the sword of Hindutva

विकास की ढाल और हिंदुत्व की तलवार से जंग जीतने की तैयारी

Mon, 20 Nov 2017 01:40 AM IST
अमर उजाला ब्यूूराे
अमर उजाला ब्यूूराे Updated Mon, 20 Nov 2017 01:40 AM IST
विज्ञापन
Preparing to win the war with the shield of development and the sword of Hindutva
हाथ उठाकर लोगों का अ‌भ‌िवादन स्वीकार करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व अन्य। - फोटो : Amar Ujala
अवैध कट्टीघरों का जिक्र कर ध्रुवीकरण की कोशिश 
विज्ञापन

दीपक शर्मा 
निकाय चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों के समर्थन में सभा करने आए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संबोधन हिंदुत्व और उसके प्रतीकों के ही इर्दगिर्द घूमता रहा। अपने करीब 22 मिनट के संबोधन में उन्होंने अवैध कट्टीघरों का जिक्र कर एक बार फिर से यह मुद्दा कुरेदा। साथ ही गोवंश और उसके संरक्षण के लिए प्रत्येक नगर निगम में गोशाला का जिक्र कर एक बार फिर से पुराने फार्मूले को ही आगे करने का प्रयास किया। जय श्रीराम, हिंदुत्व, वंदे मातरम के नाद के साथ साफ कर दिया कि जिन प्रतीकों के सहारे यहां तक का सफर तय किया है, वही प्रतीक इस बार भी हमारे साथ हैं।

उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत कभी राम मंदिर आंदोलन के मुख्य किरदार और हिंदू हृदय सम्राट के रूप में पुकारे जाने वाले कल्याण सिंह के जिक्र से की और कहा कि उनके नेतृत्व में बनी भाजपा सरकार ने अलीगढ़ के ताला उद्योग को बढ़ावा देने के लिए बहुत काम किया। हमने इसी ताले को अवैध कट्टीघरों पर लगवा कर ताले को अपनी तरह से बढ़ावा दिया। राजनीतिक मामलों पर नजर रखने वाले कहते हैं कि योगी का चुनावी रैली में अवैध कट्टीघरों की बात को कुरेदना एक प्रकार का अप्रत्यक्ष रूप से धुव्रीकरण को हवा देना है। 
विज्ञापन


अलीगढ़ के संदर्भ में बात करें तो यह पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मीट एक्सपोर्ट के बड़े हब में से एक है। अवैध कट्टी के साथ ही यहां पर चर्बी उबालने से पैदा हुई दुर्गंध का मुद्दा भी चर्चा में ही रहता है। इस तरह अवैध कट्टीघरों पर ताले का जिक्र करके योगी ने संभवत: यह संदेश देने का प्रयास किया है कि उनका आगे भी इस मुद्दे पर क्या रुख होगा? इसके अलावा मुख्यमंत्री ने कहा कि आवारा गोवंश के लिए प्रत्येक नगर निगम में गोशाला खोलने की तैयारी है। इस गोशाला में गोवंश का संरक्षण के साथ ही उससे बने उत्पादों का भी प्रयोग किया जा सकेगा। अयोध्या और उसकी इस बार की दीपावली का भी जिक्र किया। दावा किया कि हम निकायों में भी ऐसी ही दीपावली मनवाएंगे। 
विज्ञापन
विज्ञापन


सीएम ने स्मार्ट सिटी के ‘सपने’ में भरा रंग 
महापौर प्रत्याशी राजीव अग्रवाल के समर्थन में सभा करने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शहर के लोगों को स्मार्ट सिटी का सपना दिखाना भी न चूके और उसमें रंग भरते हुए उसका अर्थ भी समझा गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने कहा कि आपका शहर स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित होने वाले शहरों में चयनित हो चुका है। इसका सीधा अर्थ यह है कि जो सुविधाएं लखनऊ, दिल्ली, मुंबई जैसे शहरों में हैं, वह आपके शहर में भी मिलेगी। मुख्यमंत्री के स्मार्ट सिटी के जिक्र को निकाय चुनाव से जोड़ा जाए तो तस्वीर साफ हो जाती है कि स्मार्ट सिटी की कार्ययोजना को आने वाले महापौर के कार्यकाल में ही अंजाम दिया जाना है। संकेत यह दिया गया कि यह प्रक्रिया और सुचारु हो सकती है जब केंद्र, राज्य और स्थानीय निकाय में एक ही पार्टी की सरकार हो। जब भाजपा ने केंद्र में सरकार बनाई तो भविष्य में विस्तार की क्षमता और जनसंख्या आदि के मानकों के आधार पर नगरीय विकास मंत्रालय ने स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किए जाने वाले शहरों की सूचियां जारी कीं। ऐसी ही एक सूची में अलीगढ़ का भी नाम आ चुका है। अपने संबोधन में लोगों को इस बात की याद दिलाना सीएम नहीं भूले। इसका एक मकसद यह भी था कि यह स्मार्ट सिटी और अलीगढ़ का उसमें चयन, भाजपा की देन है। तीन साल में चयन की प्रक्रिया होने के बाद अब इनके इस रूप में (स्मार्ट सिटी के रूप में) विकसित होने की प्रक्रिया शुरू हुई है, तो अब जनता को भी चाहिए कि वह पार्टी कोे इसका प्रतिफल दे। 

उपलब्धियों के बखान से विरोधियों का मुंह बंद करने का प्रयास 
अभिषेक शर्मा
तालानगरी से उद्योग व विकास पर उपलब्धियों और योजनाओं के सहारे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने जिस अंदाज में निकाय चुनाव में वोट मांगे और चुनाव के प्रति गंभीरता दर्शायी, उससे साफ है कि निकाय चुनाव भाजपा की नाक का सवाल बना हुआ है। वजह भी स्पष्ट है कि देश और प्रदेश में सत्ता भाजपा की है। सामने लोकसभा चुनाव है। यह चुनाव लोकसभा का प्री-इलेक्शन मानकर भाजपा एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए है। ऐसे में अगर राह आसान न हुई तो आने वाले समय में उसी अंदाज में काम करने की प्लानिंग की जाएगी। यही वजह रही कि पूरे भाषण में          सीएम के निशाने पर कोई विपक्षी नहीं रहा, बल्कि ज्यादातर समय उनका  फोकस अपनी सरकार और उसके कामकाज रहे।

चुनावी सभा में सीएम योगी आदित्यनाथ ने 8 माह की अपनी उपलब्धियों का उल्लेख किया। उनका जोर लोगों को यह बताने पर रहा कि किस तरह आठ माह में अपराधियों के खिलाफ पार्टी ने अभियान चलाया है और दंगे नहीं होने दिए। इसके लिए बाकायदा आंकड़े भी उन्होंने जनसभा में पेश किए। प्रदेश के साथ-साथ अलीगढ़ का भी कई मामलों में जिक्र कर उन्होंने शहर से अपना जुड़ाव जाहिर किया। ताला उद्योग के इस शहर में आगे कैसे विकास होगा, यह योजना भी बताई। अवैध कट्टी की समस्या पर सरकार की कार्रवाई के बारे में भी उन्होंने सभा में बताया। साथ ही जिले के 75 हजार किसानों की ऋण माफी का भी उल्लेख किया। सभा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भी जनसभा में इस बात को स्पष्ट किया किया कि पार्टी निकाय चुनाव को बेहद गंभीरता से ले रही है। 

क्राइम कंट्रोल पर सीएम के आंकड़े
सीएम ने बताया कि पिछली सरकार में गुंडाराज चरम पर था। कैराना का पलायन और प्रदेश में दंगे देश भर में सुर्खियों में रहे। उनकी सरकार में 8 माह में अपराधों पर अंकुश लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया 1200 से ज्यादा अपराधी एनकाउंटर में पकड़े या मारे गए हैं। 1100 को जेल भेजा गया। 800 से ज्यादा अपराधी प्रदेश छोड़ गए। 500 से ज्यादा तो अपराधियों की तो जमानत हो चुकी है लेकिन वह जेल से बाहर नहीं आना चाहते। क्योंकि उन्हें पता है कि अगर बाहर आए तो उनकी जगह कहां होगी, उन्हें पता है। बहन बेटियां भी सुरक्षित रह रही हैं।  

उद्योग पर वन स्टेट वन प्रोडक्ट प्लानिंग 
सीएम योगी ने पूर्व सीएम कल्याण सिंह का ही जिक्र किया। अलीगढ़ को कल्याण सिंह की कर्मभूमि बताया। बताया कि उनके समय में अलीगढ़ के  ताला उद्योग को पहचान मिली थी। उन्होंने यहां के ताला उद्योग को अवैध बूचड़खानों से जोड़ा। फिर  उन्होंने कहा कि आगरा के पेंठा उद्योग, मथुरा के पेड़ा उद्योग, फिरोजाबाद के कांच उद्योग, मुरादाबाद का पीतल उद्योग के साथ अलीगढ़ के ताला उद्योग को वन स्टेट-वन प्रोजेक्ट योजना के तहत विकसित किया जाएगा। साथ ही बताया कि जिस तरह सूबे से अपराध खत्म हुआ है, उसी गति से यहां इन्वेस्टर आ रहे हैं। प्रदेश में उद्योग लगातार बढ़ने की तैयारी है।  

27 सूत्रीय संकल्प पत्र पर काम करेगी भाजपा
सभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय ने स्पष्ट किया कि इस चुनाव को पार्टी ने बेहद गंभीरता से लिया है। उन्होंने शहरों में भी भाजपा सरकार बनवाने की अपील लोगों से की तो साथ ही उन्होंने भी प्रदेश सरकार की कई योजनाओं को गिनाया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी ने जिस तरह से लोस, विस में अपने घोषणा पत्र जारी किए थे। इसी तरह निकाय चुनाव में भी संकल्प पत्र पर चुनाव लड़ रही है और निकायों में 27 सूत्रीय संकल्प पत्र पर काम करेगी। पार्टी द्वारा यह संकल्प पत्र घर-घर भेजे जा रहे हैं। 


छोटे तबके के लिए आएगी फेरी नीति
शहरों और कस्बों में ठेल-ढकेल आदि से होने वाले अस्थायी अतिक्रमण पर सीएम ने स्पष्ट कर दिया कि जल्द ही वह फेरी नीति लागू करने वाले हैं। गरीब व छोटे तबके से जुड़ने के लिए उन्होंने साफ कर दिया कि गरीब की आजीविका का साधन छिने नहीं और सड़कों पर अतिक्रमण हो नहीं। इस प्रकार की व्यवस्था रहेगी कि पटरी पर बैठकर दो पैसे कमाने वाला अपनी आजीविका अर्जन कर सकता है और सड़क पर चल रहा राहगीर भी बिना किसी असुविधा के अपना सफर तय कर सकता है। साथ ही फड़ वालों के लिए पुनर्वास योजना भी लाई जाएगी। 

 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed