थम नहीं रहे सड़क हादसे: ओवरलोड वाहन और ओवरस्पीड ले रही है जान, जानकर भी सिस्टम अनजान
प्रदेश भर में अलीगढ़ सडक़ हादसों के लिए सबसे ज्यादा बदनाम है । जिले में हर दूसरे दिन किसी न किसी की सडक़ दुर्घटना में जान जाती है। वाहनों की बढ़ती रफ्तार जिंदगी पर खासी भारी पड़ रही है।
विस्तार
सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश को लेकर केंद्र से लेकर प्रदेश स्तर तक पर तमाम जतन किए जा रहे हैं। मगर हर दिन ओवरस्पीड और ओवरलोड वाहनों के चलते हाथरस सरीखे हादसों में लोग जान गवां रहे हैं। हर दिन होने वाले हादसे भी सड़क पर तेज रफ्तार वाहन दौड़ाने वालों के लिए सबक नहीं बन पा रहे हैं। अपने जिले के दुर्घटना ग्राफ पर अगर गौर करें तो आंकड़ा कुछ इसी तरह की गवाही देता है।
सबसे खास बात है कि हादसों की रोकथाम के लिए यातायात सप्ताह,पखवाड़ा एवं माह के रूप में मनाने के बाद सडक़ हादसों में कमी नहीं आ रही है। इसके लिए जहां जितने वाहन संचालक जिम्मेदार हैं उतने ही यातायात नियमों का पालन कराने वाले भी हैं। अगर कड़ाई से यातायात नियमों का पालन कराया जाए तो संभावना है कि होने वाले सडक़ हादसों पर अंकुश लग सकेगा ।
तेज रफ्तार पड़ रही जिंदगी पर भारी
प्रदेश भर में अलीगढ़ सडक़ हादसों के लिए सबसे ज्यादा बदनाम है । जिले में हर दूसरे दिन किसी न किसी की सडक़ दुर्घटना में जान जाती है। वाहनों की बढ़ती रफ्तार जिंदगी पर खासी भारी पड़ रही है। हादसों से चिंतित सरकार ने वाहन चालकों को जागरूक करने का अभियान भी छेड़ रखा है, इसके बाद भी वाहनों की रफ्तार से कोई समझौता न करना लगातार हादसों का कारण बन रहा है।
बढ़ रहा हादसों का ग्राफ
सरकारी आंकड़ों के अनुसार जिले में वर्ष 2021-22 में सडक़ दुर्घटनाओं में 64 प्रतिशत मौतें अधिक रफ्तार से वाहन चलाने पर हुई हैं। यही हाल इस साल भी है। प्रदेश भर में होने वाले सडक़ हादसों व मौत के मामले में अलीगढ़ टॉप टेन में शामिल है। इस साल अब तक सात महीने में ही 395 सडक़ दुर्घटनाओं में 298 लोग जान गवां चुके हैं और 589 लोग घायल होकर जीवन भर का दंश झेलने को मजबूर हो गए हैं। सबसे चिंताजनक बात है कि इनमें से ऐसे 69 दोपहिया सवार शामिल थे जो अकाल मौत के मुंह में समा गए और वे बिना हेलमेट ही वाहन का संचालन कर रहे थे।
पिछले पांच साल में तेज रफ्तार से हुए सडक़ हादसे
वर्ष, हादसे, मृतक, घायल
2019, 839, 466, 817
2020, 929, 530, 928
2021, 472,314, 463
2022, 552,473, 583
2023, 871, 517, 461
2024, 395, 298, 589
(नोट : सभी आंकड़े 30 अगस्त 2024 तक )
ट्रैफिक नियमों का पालन करना हर चालक के लिए अनिवार्य है। ट्रैफिक सिग्नल पर सख्ती को और बढ़ाया जाएगा। वाहन चालक भी जागरूकता दिखाएं । ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए स्वयं तो सुरक्षित चलें ही दूसरों की जान भी जोखिम में न डालें।- मुकेश चंद्र उत्तम, एसपी यातायात
सडक़ हादसों की रोकथाम के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। वाहन चालकों से हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रैफिक सिग्नल न तोडऩे, बिना नशे के वाहन चलाने व तेज रफ्तार से वाहन न चलाने की अपील की जाती है। फिर भी चालक रफ्तार से समझौता नहीं करते हैं और यातायात नियमों को तोड़ते हैं। नियमों को तोडऩे वालों से सख्ती भी बरती जा रही है। नियमों के उल्लंघन पर चालान, जुर्माने की कार्रवाई की जा रही है । - दीपक शाह, आरटीओ प्रशासन
जरूरत इस तरह के हादसों को रोकने लिए सिर्फ जागरूकता अभियान की नहीं, बल्कि ठोस कदम उठाने की भी है। इस तरह के हादसे तभी रोके जा सकते हैं।-अनिल पाराशर, विधायक कोल क्षेत्र
इस तरह के हादसे रोकने के लिए पुलिस व आरटीओ स्तर से सघन अभियान चलाया जाना चाहिए। चौक-चौराहों पर खड़ी रहने वाली पुलिस व आरटीओ टीम के सामने इस तरह के वाहन निकलते हैं। मगर सब देखते रहते हैं। यही जान लेने का कारण बनते हैं।-मुक्ता संजीव राजा, विधायक शहर क्षेत्र
वाहन चलाते में ऐसे बरतें चालक सावधानी
- रात में ड्राइविंग करने से जितना हो सके बचें ।
- लांग ड्राइव से पहले शरीर को भरपूर आराम दें ।
- खाना खाने के तुरंत बाद ड्राइविंग न करें ।
- ड्राइविंग करते समय ऊर्जावान संगीत सुनें, दुखी और बोझिल संगीत सुला देने का काम करता है ।
- ड्राइविंग करते समय मुंह मे कोई भी टॉफी या च्युइंगगम डाल लें, ऐसा करने से नींद आने की संभावना कम हो जाती है।
- गाड़ी में यदि कोई साथी या यात्री साथ है तो उससे बातचीत करते रहें ।
- वाहन चलाने के दौरान हर घंटे -दो घंटे में शरीर को विश्राम दें, रुककर मुंह धुलें। फिर चाय, कॉफी पीएं। इससे आप और आपकी गाड़ी दोनों तरोताजा हो जाएंगे ।
- अपनी नींद के स्तर पर पूरा ध्यान दें और संभव हो तो इस दौरान वाहन चलाने से बचें ।
- यदि आपको गाड़ी चलाते समय नींद आ जाए तो किसी सुरक्षित स्थान पर गाड़ी रोककर थोड़ी देर आराम करें, फिर अपनी यात्रा शुरू करें ।
- गाड़ी चलाने से पहले थोड़ी देर की झपकी लेना जरूरी है।
- लंबी दूरी की ड्राइव और राजमार्ग पर ड्राइव करने से बचें ।
- हाईटेक हाईवे पर कसेगी अपराधों पर नकेल, पकड़े जाएंगे अपराधी
- गाजियाबाद से अलीगढ़ बौनेर तिराहा तक लगाए जा रहे कैमरे
- हादसों में घायलों को त्वरित मिलेगी राहत