One Stop Shop: अलीगढ़ मंडल के सभी ब्लॉक पर खुलेंगी वन स्टॉप शॉप, सरकार देगी अनुदान-लाइसेंस और किराया
अगर आप बेरोजगार हैं और कृषि में पढ़ाई की है तो एग्री जंक्शन योजना के तहत वन स्टाॅप शाॅप खोलने के लिए 30 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। शॉप पर खाद, बीज एवं कीटनाशी दवा बिक्री होगी।
विस्तार
एग्री जंक्शन योजना के तहत अलीगढ़ मंडल के सभी ब्लॉक में वन स्टाॅप शाॅप खोली जाएंगी। इनके संचालन के लिए 34 बेरोजगार कृषि स्नातक का चयन कर उन्हें प्रशिक्षित किया जायेगा। व्यवसाय शुरू करने के लिए निशुल्क लाइसेंस, बैंक से लोन लेने पर ब्याज पर अनुदान और एक साल तक दुकान का किराया मिलेगा।
अलीगढ़ संयुक्त कृषि निदेशक श्रवण कुमार ने बताया कि प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलम्बन (एग्रीजंक्शन) योजना के तहत मंडल में 34 कृषि स्नातकों का चयन कर खाद, बीज एवं कीटनाशी दवा बिक्री के लिए वन स्टॉप शॉप स्थापित कराई जाएंगी। इन्हें निशुल्क लाइसेंस दिये जायेगे। बैंक से श्रृण लेने पर ब्याज पर अनुदान एंव किराये पर दुकान लेने वालों को एक वर्ष तक अधिकतकम दो हजार रूपये तक किराया भी दिया जायेगा।
उन्होंने बताया कि एग्रीजंक्शन योजना में मंडल के प्रत्येक ब्लाक से एक युवा का चयन किया जाना है। अलीगढ़ जनपद में 12, एटा में 8, हाथरस व कासगंज में 7-7 वन स्टाॅप शाॅप संचालित करेंगे। डीएम एवं सीडीओ की अध्यक्षता में गठित समिति इनका चयन करेगी।
ऐसे करें आवेदन
विभागीय बेवसाइट http://agriculture.up.gov.in/Agrijunction पर 30 मई तक आवेदन किया जा सकता है।
यह कर सकते हैं आवेदन
प्रदेश के बेरोजगार ही आवेदन कर सकते है। कृषि स्नातक के साथ ही सहबद्ध विषयों यथा कृषि व्यवसाय प्रबन्धन उद्यान, पशुपालन, वानिकी, दुग्ध, पशुचिकित्सा, मुर्गीपालन, डिग्रीधारी भी पात्र होंगे। अनुभव प्राप्त डिप्लोमाधारी कृषि विषय में इण्टरमीडिएट आवेदको पर भी विचार किया जायेगा।
40 वर्ष से अधिक उम्र वाले पात्र नहीं होगे। अनु0जा0, जनजाति एवं महिलाओं को आयु में 05 वर्ष की अधिकतम छूट होगी। इसके लिए जन्म प्रमाण पत्र, आधार, जाति प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, पैनकार्ड, निवास प्रमाण पत्र, शपथ-पत्र, हाईस्कूल, इण्टरमीडिएट, स्नातक, (कृषि) मार्कशीट भी अपलोड करनी होगी।