Aligarh Exhibition: नुमाइश का शुभारंभ 1 फरवरी को, प्रभारी मंत्री करेंगे उद्धघाटन, ये कार्यक्रम हुए फाइनल
अलीगढ़ नुमाइश का उद्धाटन 1 फरवरी को प्रदेश के चीनी एवं गन्ना मिल मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण करेंगे। इसमें 10 फरवरी को भजन गायिका स्वाति मिश्रा, 20 फरवरी को बॉलीबुड सिंगर बी-प्राक अपना जलवा दिखाएंगे। गायक हेमंत ब्रजवासी व शब्बीर कुमार के नाम पर आने की मुहर लग चुकी है।
विस्तार
पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रसिद्ध राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी (नुमाइश ) का आयोजन एक से 28 फरवरी तक होगा । अलीगढ़ की ऐतिहासिक नुमाइश का शुभारंभ 1 फरवरी को दोपहर तीन बजे प्रदेश के चीनी एवं गन्ना मिल मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण करेंगे। समारोह की अध्यक्षता मंडलायुक्त रविंद्र करेंगे। बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, राजस्व राज्य मंत्री अनूप प्रधान समेत जिले के सभी सासंद, विधायक व जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे ।
नुमाइश के उद्घघाटन में अब चार दिन का ही समय बचा है, लेकिन अभी भी तैयारियां आधी-अधूरी पड़ी हुई हैं। खासकर कृषि मंडप, उद्योग मंडप आदि में तैयारियां काफी शिथिल गति से चल रही हैं। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने पिछले दिनों नुमाइश में धीमी गति से चल रही तैयारियों को लेकर कड़ी नाराजगी व्यक्त की थी । इस पर नुमाइश प्रभारी व एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट ने पांच ठेकेदारों को नोटिस देकर तैयारियों में तेजी लाने को कहा था । इसके बाद तैयारियों ने जोर पकड़ लिया है।
नुमाइश में झूला, सर्कस, खेलकूद तमाशों के अलावा खान-पान आदि की दुकानें सजने लगी हैं। कश्मीरी दुकानदारों का आना भी शुरू हो गया है । नुमाइश में कोहिनूर, कृष्णांजलि, मुक्ताकाश मंच को भी सजाने-संवारने की तैयारियां चल रही हैं। वाहनों की पार्किंग, बैरीकेडिंग, साफ- सफाई आदि का काम भी तेजी से शुरू हो गया है।
ये कार्यक्रम हुए फाइनल
नुमाइश के कोहिनूर मंच पर बड़े बजट व बड़े कलाकारों के कार्यक्रमों पर प्रशासन की अंतिम मुहर लगना भी शुरू हो गया है। संभावना है कि अगले दो-तीन दिन में सभी कार्यक्रम तय हो जाएंगे । अभी तक 10 फरवरी को भजन गायिका स्वाति मिश्रा, 20 फरवरी को बॉलीबुड सिंगर बी-प्राक अपना जलवा दिखाएंगे। गायक हेमंत ब्रजवासी व शब्बीर कुमार के नाम पर आने की मुहर लग चुकी है। सबसे खास रामायण पर आयोजित लघु नाटिक रहेगी ।
नुमाइश का आयोजन इस बार बेहद भव्य तरीके से किया जाएगा। कोशिश की जा रही है कि यहां नामी कलाकारों के अलावा स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाए। नुमाइश के शुभारंभ से पूर्व सभी अतिथियों, कार्यकारिणी सदस्यों को आमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं। शुभारंभ पर कृष्णांजलि नाट्यशाला में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का परंपरागत तरीके से आयोजन होगा । - अमित कुमार भट्ट, नुमाइश प्रभारी व एडीएम सिटी