मकान निर्माण के दौरान रविवार को सबमर्सिबल चालू करते समय करंट लगने से 30 वर्षीय राजमिस्त्री महेश की मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे गंभीर हालत में सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया है कि महेश गोरई में एक मकान की चिनाई का काम कर रहा था। दोपहर में पानी की जरूरत पड़ने पर वह पास में लगी सबमर्सिबल को चालू करने पहुंचा। तार लगाते समय अचानक करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया। आसपास के लोग उसे सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां से उसे अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, महेश मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी शादी 2013 में हाथरस के सलेमपुर निवासी परिवार में हुई थी। उसके तीन बेटे हैं। मृतक के दो भाई और तीन बहनें भी हैं। कार्यवाहक थाना प्रभारी धर्मपाल सिंह ने बताया है कि परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर रहे हैं। वह कोई भी कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते हैं।