आगरा रोड स्थित नीम करौरी मंदिर से श्याम के दीवानों ने सोमवार सुबह खाटू श्याम के निशानों की पूजा अर्चना कर धूमधाम से निशान यात्रा निकाली। रास्ते में श्रद्धालु ध्वज लेकर नाचते गाते हुए चल रहे थे। बाबा खाटू श्याम के उद्घोष लगाकर लोगों को प्रसादी बांटी गई। जबकि शहर में विभिन्न श्रद्धालुओं ने अपने घर और प्रतिष्ठानों के बाहर खाटू श्याम की आरती उतारकर स्वागत किया। श्रद्धालुओं के ऊपर पुष्प वर्षा करते हुए जलपान कराया। इस दौरान अधिकांश श्रद्धालुओं का कहना था कि हारे का सहारा, बाबा खाटू श्याम जग से न्यारा है।
सिद्धपीठ श्री गिलहराज मंदिर के महंत योगी कौशल नाथ के सानिध्य में निशान यात्रा प्रारंभ हुई। उन्होंने डोले में श्याम बाबा को विराजमान किया। ढोल नगाड़े बचाते हुए श्रद्धालु झूमते हुए आगे बढ़े। खाटू नरेश की जयघोष करते हुए पद यात्रा निकाली। हाथों में निशान ध्वज लिए श्रद्धालुओं के साथ बैंडबाजे पर सुंदर सुंदर भजन सुने तो शहर में भक्ति की बयार बह उठी। भाजपा ब्रज क्षेत्र उपाध्यक्ष ठा. श्योराज सिंह ने हरी झंडी दिखाकर यात्रा को रवाना किया, जबकि इस दौरान लोकेश गोयल, रवि गोस्वामी, दीपक बृजवासी, अनिल अवस्थी, उमेश वार्ष्णेय, संजय सक्सेना, अमित झा, प्रशांत समाधिया, कृष्ण चंद्र शर्मा, नंदनी वार्ष्णेय, सीता गोयल, तुलसी गोयल, रवि गोस्वामी, गौरव राधे, राज सक्सेना आदि मौजूद रहे।