करवाचौथ: सुहागिनें आज पति की लंबी उम्र के लिए रखेंगी व्रत, चांद बादलों में छिप जाए तो ऐसे खोलें व्रत
आज जैसा कि चक्रवात अर्नब के कारण आसमान में बादल छाने की उम्मीद है। चंद्रोदय का अनुमानित समय रात 8:19 बजे है। अगर चांद न दिखे तो महिलाएं करवा चौथ का व्रत कैसे पूरा करे ? ज्योतिषाचार्य पंडित ह्रदय रंजन शर्मा ने इसके बारे में जानकारी दी।
विस्तार
सुहागिनें आज पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य की कामना के साथ करवाचौथ का व्रत रखेंगी। महिलाएं सूर्योदय से चंद्रोदय तक निर्जला उपवास करेंगी। शाम को भगवान शिव, माता पार्वती, गणेश और कार्तिकेय की पूजा करेंगी।
चंद्रमा को अर्घ्य देने के बाद पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत खोलेंगी। त्योहार को लेकर बुधवार को बाजारों में रौनक रही। करवाचौथ की पूर्व संध्या पर रामघाट रोड, सेंटर प्वाइंट, रेलवे रोड, बड़ा बाजार, महावीरगंज, बारहद्वारी और नौरंगाबाद में खूब चहल-पहल रही। महिलाओं ने कपड़े, जेवर और चूड़ियों की खरीदारी की। मेहंदी लगवाने के लिए कतारें लगीं। साड़ियों में लाल रंग के साथ फैंसी रंगों और डिजाइनों की मांग रही।
अगर चांद बादलों में छिप जाए तो महिलाएं व्रत कैसे खोलें?
अलीगढ़ के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित ह्रदय रंजन शर्मा ने बताया कि चंद्रोदय का अनुमानित समय रात 8:19 बजे है। तब ही थाल में आटे से कटे हुए चंद्रमा का आकृति बना दें। रोली-चावल से भगवान गणेश, भोले-पार्वती की पूजा करनी है। इसमें ओम श्री सोमाय नम:, ओम श्री चंद्राय नम: मंत्रों का जाप करते हुए थाली की तीन या पांच परिक्रमा करें और दीपक जलाएं। अपने पति के साथ पूजा करें और व्रत खुलवाएं।
पहली करवाचौथ को लेकर खास उत्साह
शादी के बाद पहली करवाचौथ को लेकर नवविवाहिताओं में खास उत्साह है। किसी ने लाल जोड़ा चुना है तो कोई 16 शृंगार की तैयारी में जुटी है। हाथों में मेहंदी और चूड़ियों की खनक के बीच उन्हें चांद निकलने का इंतजार रहेगा। पति के हाथों से पानी पीकर व्रत खोलना उनके लिए यादगार पल होगा।
पहली करवाचौथ बनेगी यादगार
पहली करवाचौथ को लेकर कई दिनों से तैयारी कर रही हूं। कपड़ों से लेकर मेहंदी और शृंगार तक, हर चीज खास रखी है। पति के साथ पूजा करना और चांद देखकर व्रत खोलना सबसे यादगार पल होगा। - रोशनी शर्मा, हसनपुर।
सजने-संवरने के साथ चांद का इंतजार
पहली करवाचौथ को लेकर मन में कई अरमान हैं। मेहंदी और 16 शृंगार के साथ त्योहार मनाने की खुशी अलग है। भगवान से प्रार्थना है कि पति का साथ जीवनभर बना रहे। - मानषी वार्ष्णेय, राधे अपार्टमेंट।
पति के हाथों से व्रत खोलने का रहेगा इंतजार
पहली करवाचौथ मेरे लिए बहुत खास है। पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखने को लेकर उत्साहित हूं। चांद निकलने के बाद पति के हाथों से व्रत खोलने का पल हमेशा याद रहेगा। - मंजुल सिंह राघव, जखौता।
प्यार, विश्वास और त्याग का पर्व है करवाचौथ
करवाचौथ को लेकर काफी उत्साहित हूं। पति की दीर्घायु के लिए पूरे दिन निर्जल व्रत रखूंगी। कई दिनों से तैयारी कर रही हूं और घर की बुजुर्गों से भी व्रत के बारे में जानकारी ली है। — चंचल वार्ष्णेय, शाहपाड़ा।