पुलिस-प्रशासन की तैयारी पर सवाल: दस की गाइडलाइन थी, 24 फीट का ताजिया बनाया, किसी ने नहीं रोका
प्रत्यक्षदर्शियों व दुर्घटना में घायल हुए दो युवकों के अनुसार उनके ताजिये में 20 फीट लंबा बांस लगा था। उसमें करीब 4 फीट का सबसे ऊपर लोहे का एक सजावटी सामान लगा था। इस तरह 24 फीट का ताजिया बन गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हाईटेंशन लाइन से ताजिया टकराने पर युवक की मौत के मामले में पुलिस प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल उठ रहे हैं। शासन ने कुछ दिन पहले गाइड लाइन जारी की थी। इसमें कहा था कि ताजिया 10 फीट से ऊंचा नहीं होगा, लेकिन यहां 24 फीट ऊंचा ताजिया लेकर चल रहे थे। दोपहर करीब दो बजे गांव से शुरू हुआ जुलूस शाम करीब पौने पांच बजे नींवरी मोड़ पर पहुंचा। इस दौरान किसी ने भी इसे रोकने की कोशिश नहीं की। अगर पहले ही इसे रोक दिया गया होता तो अरमान की जान नहीं जाती।
मुहर्रम के जुलूस को लेकर पिछले कई दिन से आयोजकों के साथ-साथ पुलिस प्रशासनिक स्तर से भी तैयारियां चल रही थीं। मोहल्ले व थाना वार शांति समिति की बैठकें हुईं। आयोजकों से परंपरागत मार्गों, ताजिये व अलम की ऊंचाई को लेकर सब कुछ तय हो गया। बावजूद इसके गोंडा रोड के नींवरी मोड़ पर 10 फीट की गाइडलाइन के विपरीत 24 फीट लंबा ताजिया लेकर लोग निकल पड़े। हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर एक युवक की मृत्यु हो गई। जबकि चार युवक झुलस गए।
शहर में प्रमुख बड़े जुलूस एएमयू, ऊपरकोट, फूल चौराहा, बाबरी मंडी से निकलते हैं। जो सभी देहली गेट पर पहुंचकर एकत्रित होते हैं। इसके अलावा गली-मोहल्लों से छोटे-छोटे जुलूस या एक-दो ताजिये भी कर्बला पहुंचते हैं। जिसे लेकर शांति समिति की बैठकों में यह तय कर लिया जाता है कि मोहल्लों से जुलूस या ताजिये किन मार्गों से निकलेंगे। उनकी ऊंचाई कितनी होगी। इन्हीं तैयारियों के अनुसार सड़कों से बिजली के तार हटवाए जाते हैं या फिर उन इलाकों में बिजली बंद रखी जाती है। रविवार को भी पुराने शहर के देहली गेट, कोतवाली व जेल रोड के साथ-साथ सिविल लाइंस के शमशाद इलाके में बिजली बंद रखी गई। कुछ जगहों पर तार भी हटवाए
नींवरी मोड़ पर नहीं था किसी का ध्यान
नींवरी इलाके से यह जुलूस आयोजक मेहंदी हसन की अगुवाई में निकाला गया। जिसमें करीब 100 लोग शामिल थे। एक ताजिये की ऊंचाई करीब 24 फीट मानी गई है। प्रत्यक्षदर्शियों व दुर्घटना में घायल हुए दो युवकों के अनुसार उनके ताजिये में 20 फीट लंबा बांस लगा था। उसमें करीब 4 फीट का सबसे ऊपर लोहे का एक सजावटी सामान लगा था। इस तरह 24 फीट का ताजिया बन गया था। वे जुलूस लेकर कर्बला जा रहे थे। तभी नींवरी मोड़ पर रेलवे की मालगाड़ी लाइन को जा रही हाईटेंशन लाइन से वह टकरा गया। बारिश में भीगने के कारण अचानक से करंट उतर गया।
पहले से लंबाई का मानक तय था। आयोजक ने इस ताजिये की लंबाई इतनी कर ली, जिसकी जानकारी नहीं दी। इसे लेकर आयोजक से बात की जा रही है। उसी अनुसार कार्रवाई तय की जाएगी।-मृगांक शेखर पाठक, एसपी सिटी
मामले में लापरवाही के साथ-साथ आयोजक द्वारा गलती किए जाने के बिंदू पर भी जांच की जा रही है। उसी अनुसार कार्रवाई तय की जाएगी। - अमित कुमार भट्ट, एडीएम सिटी
इसमें किसी की लापरवाही समझ नहीं आ रही। ये लोग शोक मनाने जा रहे थे। जिनमें कुछ युवकों ने इतनी लंबाई का ताजिया बना लिया। पहले से मानक तय था। बावजूद इसके इतना लंबा बनाया। जो गलत है। - मुख्तार जैदी, कर्बला के मुतवल्ली