Green Park Apartment: पुलिस की मौजूदगी में आम सभा की बैठक, ग्रीनपार्क सोसायटी भंग, दो महीने में होंगे चुनाव
ग्रीन पार्क अपार्टमेंट की कार्यकारिणी बैठक से शुरू हुआ विवाद आम सभा की बैठक तक पहुंच गया। आम सभी की बैठक में सोसायटी को भंग कर दिया गया और दो महीने में चुनाव कराने का निर्धारण हुआ।
विस्तार
ग्रीनपार्क अपार्टमेंट की आम सभा ने 3 अप्रैल को ग्रीनपार्क रेजिडेंशियल वेलफेयर सोसायटी भंग कर दी। साथ में तीन सदस्यीय संचालन समिति बनाई गई है, जो संचालन के साथ-साथ अगले दो महीने में नए सिरे से सोसायटी का चुनाव भी कराएगी। इस आम सभा में बिल्डर और सचिव नहीं आए। उन्होंने खुद को बीमार बताते हुए आने में असमर्थता जताई। इस दौरान एसएचओ थाना महुआखेड़ा की अगुवाई में पुलिस भी मौजूद रही।
यह भी पढ़ें... Aligarh: ग्रीन पार्क हाउसिंग सोसाइटी की बैठक में मारपीट, हंगामा, बिल्डर व उनके दो पुत्रों पर रिपोर्ट दर्ज
इस बैठक में सोसायटी में वर्तमान में रह रहे 170 सदस्य परिवारों से 132 सदस्य शामिल हुए। इनके समक्ष तीन दिन पहले अध्यक्ष अनूप गुप्ता द्वारा दिए गए इस्तीफे का प्रस्ताव लाया गया। चर्चा के बाद 70 सदस्यों ने इसे स्वीकार करने पर सहमति दी। इसके बाद अध्यक्ष का इस्तीफा स्वीकार लिया गया। यह प्रस्ताव लाया गया कि जब निर्वाचित हुए अध्यक्ष का इस्तीफा स्वीकार लिया गया तो फिर सचिव व कोषाध्यक्ष को भी पद से हटाया जाए। उन्हें हटाने की घोषणा कर दी गई। तय हुआ कि एक तीन सदस्यीय संचालन समिति बनाई जाए। जो सोसायटी का संचालन करेगी व दो माह में चुनाव कराएगी। इस समिति में हरेंद्र वार्ष्णेय, पुनीत वार्ष्णेय व डाॅ.अमित गुप्ता को चयनित किया गया। सचिव संजीव पाराशर इस बैठक में नहीं आए। उनके बीमार होने का संदेश आया।
आम सभा की बैठक में मेरा इस्तीफा स्वीकार किया गया है। अन्य दोनों पदाधिकारियों को भी हटाया गया है। तीन सदस्यीय समिति बनाई गई है, जो सोसायटी संचालन के साथ दो माह में नए चुनाव कराएगी।-अनूप गुप्ता, निवर्तमान अध्यक्ष ग्रीन पार्क सोसायटी।
ग्रीनपार्क के गेट पर पीएसी तैनात
सीओ द्वितीय राजीव द्विवेदी के अनुसार सोसायटी के अंदर सबकुछ सामान्य है। किसी तरह का कोई नया विवाद न हो, इसलिए पुलिस भेजा गई थी। मेन गेट पर पीएसी तैनात है।
यह भी पढ़ें ... ग्रीन पार्क विवाद: सोसाइटी अध्यक्ष ने दिया इस्तीफा, महिलाओं ने किया प्रदर्शन, बिल्डर के खिलाफ जमकर नारेबाजी
एक नजर में विवाद
बीते रविवार रात सोसायटी की बैठक में बिल्डर और निवासियों के दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। महुआखेड़ा थाने में इसका मुकदमा दर्ज हुआ। 31 मार्च और 1 अप्रैल को प्रदर्शन हुआ। महिलाओं ने डीआईजी से मिल कर आरोपियों को पकड़ने की मांग उठाई। 2 अप्रैल को भी प्रदर्शन हुआ। इसके बाद 3 अप्रैल को आम सभा की बैठक बुलाना तय हुआ था।