एसवी कॉलेज के बीएड विभाग में चल रही बीएड की प्रयोगात्मक परीक्षा में अवैध वसूली के आरोप में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश मंत्री बलदेव चौधरी सीटू, एग्री विजन प्रांत संयोजक जय यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य कक्ष के सामने हंगामा किया। प्राचार्य डॉ. एके गुप्ता ने मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है।
बलदेव चौधरी व जय यादव ने बताया कि जब वह अपनी कक्षा की जानकारी के लिए बीएड विभाग पहुंचे तो देखा कि निजी महाविद्यालय के छात्रों से प्रयोगात्मक परीक्षा के नाम पर दो व्यक्ति दो-दो हजार रुपये की अवैध वसूली कर रहे थे। इसकी जानकारी उन्होंने प्राचार्य को दी, लेकिन दोषियों के खिलाफ कार्रवाई में ढिलाई होते देख प्राचार्य कक्ष के सामने धरने पर बैठ गए और हंगामा किया। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के आश्वासन के बाद कार्यकर्ता धरने से उठ गए। इसके बाद उन्होंने प्राचार्य को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर प्रांत सह छात्रा प्रमुख शिवानी पचौरी, अंजली आदि मौजूद रहे। प्राचार्य डॉ. एके गुप्ता ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है, जिससे तीन दिन में जांच रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने कहा कि निजी महाविद्यालय के प्रबंधन को इसकी जानकारी दे दी गई है। भविष्य में किसी भी व्यक्ति को परीक्षा के दौरान कॉलेज में न भेजें।