डीआईजी को भूसे की गाड़ी से वसूली करती मिली पुलिस, 5 सस्पेंड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश भर में मंगलवार रात पुलिस के अधिकारियों का रात्रि चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान अधिकारियों ने पीआरवी को चेक किया। इसी क्रम में जोन चेकिंग पर निकले डीआईजी डॉ. प्रीतिंदर सिंह को मडराक टोल पर थाने की पुलिस गश्ती जीप भूसे की गाड़ी से वसूली करते मिल गई। यह देख डीआईजी ने जीप पर मौजूद स्टाफ को जमकर फटकार लगाई और दरोगा सहित चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित भी कर दिया। इस दौरान एसएसपी ने भी शहर में पीआरवी को चेक किया।
शासन के निर्देश पर रात में पुलिस अधिकारियों ने पुलिस की पीआरवी व गश्ती टीमों को चेक किया था। इस दौरान डीआईजी डॉ. प्रीतिंदर सिंह ने आगरा रोड पर चेकिंग की। वह हाथरस की ओर से चेकिंग करते हुए वापस लौट रहे थे। तभी मडराक टोल पर थाने की गश्ती जीप का स्टाफ वहां मौजूद एक भूसे की गाड़ी से वसूली कर रहा था। यह देख डीआईजी का पारा चढ़ गया। उन्होंने तैनात स्टाफ को जमकर फटकारा और वायरलेस पर रात में ही उनके निलंबन का आदेश जारी किया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार रात में जीप पर तैनात दरोगा हरिओम सिंह, सिपाही जसवीर सिंह, शरद कुमार व हर्ष कुमार को निलंबित कर दिया गया। इस दौरान एसएसपी आकाश कुलहरि भी आगरा रोड पर पहुंच गए। बाद में डीआईजी व एसएसपी ने साथ में शहर की सीमा पर काफी देर तक पीआरवी व अन्य पुलिस गश्ती वाहनों को चेक किया। बाद में एसएसपी ने शहर के अंदर सर्किल प्रथम में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों ने गाड़ियों को चेक किया। उनके उपकरण भी देखे और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए।
एसएसपी ने 27 उपनिरीक्षकों को इधर से उधर किया
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को जिले के 27 उपनिरीक्षकों को इधर से उधर कर दिया है। इसमें उपनिरीक्षक दुर्गेश कुमार को पिसावा से विजयगढ़, अनुज कुमार को इगलास से सासनी गेट, रोहित राठी को जिरौली धूम सिंह से चौकी प्रभारी सासनी गेट, राहुल कुमार को थाना अतरौली से चौकी प्रभारी जिरौली धूम सिंह, आदित्य शंकर तिवारी को अलीगढ़ गेट चौकी से चौकी प्रभारी नरौना अतरौली बनाया गया।
वहीं रंजीत कटारा को तुर्कमान गेट से चौकी प्रभारी अलीगढ़ गेट, अकलेश कुमार को बाबरी मंडी से चौकी प्रभारी तुर्कमान गेट, कपिल कुमार को जिरौली से चौकी प्रभारी बाबरी मंडी, लाल बहादुर को रोरावर से चौकी प्रभारी एडीए थाना देहली गेट, रामवकील को चुनाव कार्यालय से चौकी प्रभारी रोरावर, मो. अकरम को वीआईपी सेल से एसएसआई देहली गेट, दीपक कुमार को थाना बन्नादेवी से चौकी प्रभारी आईटीआई रोड बनाया गया।
अजीत सिंह को क्वार्सी से चौकी प्रभारी किशनपुर, रूणित तोमर को छर्रा से चौकी प्रभारी एडीए थाना सासनी गेट, चरन सिंह को सारसौल से चौकी प्रभारी हस्तपुर थाना इगलास, अश्वनी कुमार को बन्नादेवी से चौकी प्रभारी सारसौल, सुशील कुमार को एडीए सासनी गेट से थाना छर्रा, राहुल कुमार को आईटीआई रोड से थाना बन्नादेवी, रजत कुमार को टप्पल से चौकी प्रभारी खिरनी गेट, अंशुल शर्मा को पुलिस लाइन से थाना टप्पल, नितिन राठी को सिविल लाइन से चौकी प्रभारी जमालपुर, जय प्रकाश चंद्र तिवारी को जमालपुर चौकी से थाना खैर, संदीप कुमार को क्वार्सी, विवेक गुप्ता को चौकी प्रभारी ज्वालापुरी, प्रदीप मलिक को इगलास से चौकी प्रभारी कासिमपुर, अमित कुमार को कासिमपुर से थाना बन्नादेवी, हरकेश यादव को चंडौस से पुलिस लाइन भेजा है। सभी उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से चार्ज संभालने के निर्देश दिए हैं।
लेडी सिंघम अरुणा राय का बुलंदशहर के लिए तबादला
शासन स्तर से लेडी सिंघम के नाम से मशहूर हुईं इंस्पेक्टर बन्नादेवी अरुणा राय का अलीगढ़ जनपद से बुलंदशहर के लिए तबादला कर दिया गया है। इस ट्रांसफर आदेश के आने के बाद एसएसपी ने उन्हें बुधवार को कार्यमुक्त कर दिया। बता दें कि वह शहर में लंबे समय से तैनात थीं। बन्नादेवी से पहले वह इंस्पेक्टर सासनी गेट और उससे पहले पुलिस की एंटी रोमियो स्क्वायड की प्रभारी रह चुकी हैं। बन्नादेवी में तैनाती के दौरान उन्होंने कुख्यात बलिया को दौड़ाकर दबोचने के मामले में खूब सुर्खियां बटोरी थीं। अलीगढ़ तैनाती के दौरान पुलिस सुधार पर काफी काम करने पर उन्हें कई अवार्ड भी मिल चुके हैं।