फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   First flight from Aligarh to Lucknow on March 11

Aligarh Airport: एयरपोर्ट हुआ शुरू, अलीगढ़ से लखनऊ पहली उड़ान 11 मार्च को

Mon, 11 Mar 2024 05:15 AM IST
चमन शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़
अमर उजाला नेटवर्क, अलीगढ़ Published by: चमन शर्मा Updated Mon, 11 Mar 2024 05:15 AM IST
सार

11 मार्च को कंपनी प्रथम उड़ान से लखनऊ से आने वाले विमान का जल नमस्कार करने की रस्म अदा की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके बाद यात्रियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया जाएगा एवं लखनऊ जाने वाली प्रथम उड़ान में प्रथम यात्री को बिग-बोर्डिंग पास देकर जाने वाले सभी यात्रियों का स्वागत किया जाएगा।

विज्ञापन
First flight from Aligarh to Lucknow on March 11
अलीगढ़ एयरपोर्ट पर उड़ान की तैयारी - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

आइए एक साथ ऊंची उड़ान भरें, अलीगढ का प्रथम उड़ान प्रस्थान समारोह दोपहर 12:30 बजे से आयोजित होगा। इसमें जिले के समस्त अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। 

विज्ञापन


बीडीके ग्रुप के एमडी विशाल गर्ग ने बताया कि फ्लाईबिग एयरलाइंस बीडीके ग्रुप की ही सहयोगी संस्था है। उन्होंने बताया कि कंपनी की ओर से कॉमर्शियल, सुरक्षा एव इंजीनियर विभाग ने सभी व्यवस्थाओं को दुरूस्त कर लिया गया है। 11 मार्च को कंपनी प्रथम उड़ान से लखनऊ से आने वाले विमान का जल नमस्कार करने की रस्म अदा की जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके बाद यात्रियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया जाएगा एवं लखनऊ जाने वाली प्रथम उड़ान में प्रथम यात्री को बिग-बोर्डिंग पास देकर जाने वाले सभी यात्रियों का स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर फ्लाईबिग के सीएमडी कैप्टन संजय मंडाविया भी मौजूद रहेंगे। विशाल गर्ग ने बताया कि अगली फ्लाइट 14 मार्च को प्रस्थान करेगी। जल्द ही कंपनी प्रतिदिन सुबह लखनऊ प्रस्थान व सायं लखनऊ से अलीगढ़ आगमन की उड़ान रहेगी। दूसरे चरण में अलीगढ़ से दूसरे शहरों के लिए उड़ान सेवा शुरू की जाएगी। 
विज्ञापन


पहले कानपुर से अब अलीगढ़ से मिला उड़ान शुरू कराने का मौका
अलीगढ़ डीएम विशाख जी की देखरेख में अलीगढ़ एयरपोर्ट की उड़ान शुरू हो रही है। इससे पहले वे कानपुर डीएम रहते हुए 26 मई 2023 को कानपुर के चकेरी एयरपोर्ट से भी उड़ान शुरू करा चुके हैं। डीएम ने बताया कि यह संयोग है कि कानपुर में भी उन्हें उड़ान शुरू कराने का मौका मिला था।  अब दूसरी बार अलीगढ़ से भी उड़ान की शुरूआत हो रही है। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट प्रबंधन एवं उड़ान का संचालन करने वाली फ्लाईबिग को लखनऊ के साथ ही अयोध्या से भी फ्लाइट शुरू कराने के लिए कहा गया है। अयोध्या जाने के लिए काफी लोग इच्छुक हैं। इसके बाद बनारस, गोरखपुर, दिल्ली समेत दूसरे शहरों की उड़ान शुरू हो सकेंगी। डीएम ने बताया कि एयरपोर्ट के विस्तारीकरण के बाद करीब तीन किलोमीटर का रनवे बन जाएगा। इसके बाद बड़े विमान भी यहां आसानी से उतर सकेंगे। 
विज्ञापन
विज्ञापन


अलीगढ़ में एयरपोर्ट बनने के बाद बढ़ेगी यहां की अहमियत - मुख्य सचिव  
प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने कहा कि अलीगढ़ एयरपोर्ट से 11 मार्च से उड़ान शुरू होने जा रही है। अभी यहां से 19 सीटर विमान सेवा लखनऊ के लिए शुरू होगी, जल्द ही 90 सीटर व अन्य विमान सेवाएं शुरू होंगी। आगामी समय में एयरपोर्ट का विस्तारीकरण होने के साथ भव्य रूप दिया जाएगा। इस एयरपोर्ट पर बोइंग फ्लाइट उतरेगी। बाहर से अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट भी आ सकेगी। इसके बाद लखनऊ के अलावा बेंगलूरू, कोलकाता, मुंबई जैसे शहरों में सफर कर सकेंगे। अभी तक प्रदेश में दस एयरपोर्ट थे अब 15 एयरपोर्ट हो गए हैं, जल्द ही छह और एयरपोर्ट शुरू होंगे। जेवर एयरपोर्ट जो हिंदुस्तान का सबसे बड़ा एयरपोर्ट शुरू हो जाएगा। वो दुनिया से सीधे कनेक्ट होगा। वह दिल्ली का दूसरा एयरपोर्ट रहेगा। अभी शुरूआत में सप्ताह में तीन दिन उड़ान शुरू होगी। इसके बाद कनेक्टविटी बढ़ने के बाद यह छह दिन उड़ान शुरू होगी। किसी भी शहर के बारे में वहां की सुविधाओं से अंदाजा लगाया जा सकता है, निश्चित ही देश और दुनिया में अलीगढ़ में एयरपोर्ट बनने के बाद यहां की अहमियत बढ़ेगी। यहां के ताला, हार्डवेयर व्यापारियों को देश-विदेश जाने और अपना व्यापार बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। अलीगढ़ विकास की ओर अग्रसर है यहां राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य चल रहा है जो शीघ्र पूरा हो जाएगा आगामी समय में अलीगढ़ तरक्की के मामले में आसमान छूएगा। जिस प्रकार से औद्योगिक विकास हो रहा है। यहां डिफेंस कॉरिडोर का दूसरे नॉड तमाम प्रोजेक्ट मंजूर हो चुके हैं। जिससे अलीगढ़ के विकास में तेजी आएगी। राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण, स्मार्ट सिटी के निर्माण से सुविधाएं बढ़ी है और अलीगढ़ में विकास की तस्वीर बदल रही है जिससे यहां के विकास को पंख लगेंगे।

महत्वपूर्ण जानकारी

  • फ्लाइट संबंधित किसी भी समस्या के लिए फ्लाईबिग कंपनी के मोबाइल नंबर +91-9910655655 पर संपर्क कर सकते हैं।
  • हवाई अड्डा टिकट कार्यालय:- +91-5712974755, ई-मेल आईडी - guest.relations@flybig.in 
  • पहले दो दिन फ्लाइट का समय
  • लखनऊ से अलीगढ और अलीगढ़ से लखनऊ की पहले दिन की सभी टिकट बुक
  • लखनऊ से 11 मार्च को दोपहर 12:55 बजे उड़ान भरकर 2.25 बजे अलीगढ़ पहुंचेगा विमान
  • सबसे पहले इसे जल नमस्कार किया जाएगा और उसमें सवार यात्रियों का स्वागत होगा।
  • करीब एक घंटे तक रुककर विमान दोपहर 3:25 बजे अलीगढ़ से लखनऊ के लिए उड़ान भरेगा। 
  • 14 मार्च को लखनऊ से दोपहर 12:20 बजे उड़ान होगी और दोपहर 01:50 बजे अलीगढ़ पहुंचेगी। 
  • अलीगढ़ से दोपहर 02:15 बजे लखनऊ के लिए विमान रवाना होगा। सप्ताह तीन दिन रहेगी उड़ान।


एयरपोर्ट की मुख्य विशेषताएं
कुल भूमि क्षेत्रफल - 69.28 एकड़ 

  • टर्मिनल भवन का क्षेत्रफल - 1250 वर्ग मीटर 
  • व्यस्ततम समय में सेवा क्षमता - 100 यात्री 
  • वार्षिक क्षमता - 01 लाख यात्री 
  • चेक इन काउंटर - 04 
  • कन्वेयर बेल्ट -  01
  • एक्स-बीआईएस मशीन - 02 
  • परियोजना लागत - 29.40 करोड़ 
  • कार पार्किंग - 100
  • पार्किंग वे - 02


ऐसे चढ़ी एयरपोर्ट की योजना परवान

  • वर्ष 2015 में रीजनल कनेक्टिविटी स्कीम के तहत धनीपुर एयरपोर्ट पर शुरू हुआ था काम।
  • तीन साल तक हुआ भूमि अधिग्रहण, वर्ष 2018 में शुरू हो पाया निर्माण कार्य । 
  • रनवे के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ने 675 एकड़ भूमि की मांग की है। इसमें से करीब 300 एकड़ भूमि का अधिग्रहण हो चुका है, जबकि 376 एकड़ भूमि का अधिग्रहण जारी है।
  • केंद्र सरकार एंव विमान पत्तन प्राधिकरण से नए साल में पहले ही दिन जारी किया गया था लाइसेंस। 
  • एयरपोर्ट के विस्तारीकरण पर करीब 60 करोड़ की राशि खर्च की गई है। इसमें भूमि अधिग्रहण के साथ ही निर्माण कार्य भी शामिल रहे हैं।
  • एयरपोर्ट के निर्माण पर करीब 110 करोड़ रुपये से अधिक का बजट हो चुका है अब तक खर्च।
  • एयरपोर्ट पर 19 सीटर विमान के बाद 90 सीटर, एयरबस-320 एवं बोइंग-737 जैसे सबसे बड़े विमान का होगा संचालन

हवाई अड्डे के शुरू होने से अलीगढ़ के हार्डवेयर एवं ताला इंडस्ट्री, होटल व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। एएमयू में पढ़ने वाले छात्रों व उनके अभिभावकों को भी सुविधा रहेगी। - विवेक बगाई, महामंत्री अलीगढ़ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन
अलीगढ़ रेलवे स्टेशन का विस्तारीकरण व एयरपोर्ट की हवाई यात्रा पर भाजपा झूठी वाहवाही लेने की कोशिश न करे। जब वह वर्ष 2008 में सांसद थे, तब रेल मंत्री लालू यादव ने ए श्रेणी का रेलवे स्टेशन और तीसरी रेलवे लाइन का शिलान्यास किया था। 1991 में हवाई पट्टी का निर्माण कांग्रेस  द्वारा किया गया था। इसमें भाजपा का कोई योगदान नहीं है।- चौधरी बिजेंद्र सिंह, पूर्व सांसद व सपा के वरिष्ठ नेता 
पहले चरण में 11 मार्च से लखनऊ से अलीगढ़ के लिए उड़ान शुरू होगी। उड़ान की जिम्मेदारी संभालने वाली कंपनी फ्लाईबिग के अधिकारी और कर्मचारी भी एयरपोर्ट पर आ गए हैं। यहां बने काउंटर से टिकट की ऑनलाइन बुकिंग भी शुरू हो गई है। - एसएस अग्रवाल, अलीगढ़ एयरपोर्ट के विमानिक संचार प्रभारी अधिकारी

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed