अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के मोहसिन उल मुल्क हॉल के प्रवोस्ट कार्यालय में शुक्रवार को भीषण आग लग गई। जिससे हजारों रुपये की संपत्ति और फर्नीचर जलकर खाक हो गया।
विश्वविद्यालय के सिक्योरिटी स्टाफ ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। सूचना पर कुलपति प्रोफ़ेसर तारिक मंसूर, सह कुलपति और अन्य अधिकारीगण पहुंच गए थे। एएमयू के प्रॉक्टर प्रोफेसर वसीम अली ने बताया कि एमएम हॉल के प्रोवोस्ट ऑफिस में शुक्रवार को सुबह संभवत: शार्ट सर्किट से आग लग गई। इस अग्निकांड में ऑफिस में रखे हुए लेजर्स, फाइलें, चार कंप्यूटर, फर्नीचर आदि जल गए। आग लगने की सूचना हमारे सिक्योरिटी स्टाफ को मिली तो वह मौके पर पहुंचा।
स्टाफ ने हॉल में लगे लान के पाइप और बाल्टी आदि से पानी का इंतजाम किया। कार्यालय की खिड़कियों के शीशे तोड़े और पानी अंदर डाला। इसके बाद ही आग पर काबू पाया जा सका। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद कुलपति स्वयं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आ गए थे और उन्होंने पूरी घटना की जानकारी ली।