Aligarh: ऑटो खड़ा करने पर चले लाठी-डंडे व चाकू, पथराव में पांच घायल, थाने पर हंगामा, पुलिस-फोर्स तैनात
दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में आमने-सामने आ गए और उनमें लाठी-डंडे, चाकू आदि चल गए। हल्का-फुल्का पथराव भी हो गया। इससे इलाके में खलबली मच गई।
विस्तार
अलीगढ़ में थाना सासनीगेट क्षेत्र के मिश्रित आबादी वाले क्षेत्र जयंगज डाकखाने के पास में ऑटो व ई-रिक्शा खड़ा करने को लेकर दो समुदायों से जुड़े लोगों में विवाद हो गया। जो बाद में मारपीट में बदल गया। इसमें दोनों पक्षों से पांच लोग घायल हो गए। जिनमें से एक युवक को गंभीर हालात में जेएन मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद थाने पहुंचे भाजपाईयों ने कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की और जमकर हंगामा काटा। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एहतियातन इलाके में पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।
जयगंज डाकखाने के पास पीतल कारोबारी प्रमोद वार्ष्णेय की दुकान हैं। दुकान के पास ही गली में ऑटो चालक वसीम उर्फ कलीमा व ई- रिक्शा चालक नदीम रहते हैं। 1 जुलाई शाम करीब पांच बजे दुकान पर गाड़ी से माल उतारा जा रहा था। तभी दुकान के सामने ऑटो व ई- रिक्शा खड़ा करने को लेकर दुकान पर बैठे प्रमोद वार्ष्णेय के बेटे दीपेश वार्ष्णेय और पास में ही गोलगप्पे की ढ़केल लगाने वाले दुकानदार से उनकी कहासुनी हो गई। जो बाद में मारपीट में बदल गई।
दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में आमने-सामने आ गए और उनमें लाठी-डंडे, चाकू आदि चल गए। हल्का-फुल्का पथराव भी हो गया। इससे इलाके में खलबली मच गई। मारपीट में एक पक्ष से वसीम उर्फ कलीमा को गंभीर चोटें आने पर पहले उसे जिला अस्पताल ले जाया गया फिर जेएन मेडिकल काॅलेज में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जबकि दूसरे पक्ष से गाैरव वार्ष्णेय, दीपेश वार्ष्णेय, साैरभ वार्ष्णेय व सुमित शर्मा घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर इस घटना को लेकर पूर्व मेयर शकुंतला भारती, पूर्व महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, भाजपा नेता अनीता जैन, विनय वार्ष्णेय, मानव महाजन, संजय गोयल, जितेंद्र जीतू, ब्रजेश कंटक, नितिन सुपारी, यतेंद्र वार्ष्णेय, सुबोध स्वीटी, वैभव गौतम आदि भाजपाई थाना सासनीगेट पहुंच गए और नारेबाजी करते हुए हंगामा करने लगे।
उन्होंने कहा कि दिन भर इलाके में सट्टा होता है और आए दिन लोग झगड़ा करते हैं। उन्होंने ऐसे लोगों पर कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी है। उधर, मिश्रित आबादी वाला इलाका होने व दो समुदायों में स्थिति तनावपूर्ण होने पर फोर्स तैनात की गई है। सीओ प्रथम मयंक पाठक ने बताया कि मामले में इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसमें जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर संबंधित पर कार्रवाई तय की जाएगी। इलाके में शांति है, फिर भी एहतियातन पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।