खैर थाना क्षेत्र के गांव मालीपुर से आरपीएफ की क्राइम ब्रांच शाखा ने ई-टिकट को गोरखधंधा करने वाले एक दलाल को दबोचा है। आरोपी जनसेवा केंद्र की आड़ में इस खेल को अंजाम दे रहा था। तीन साल से इस काम को कर रहा था। उसके पास से सात लाख रुपये का ई-टिकट डाटा बरामद हुआ है। आरपीएफ ने आरोपी को सुसंगत धाराओं में पाबंद कर जेल भेज दिया है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर चमन सिंह तोमर के मुताबिक क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार कौशिक और एसआई रवि कुमार सिवाच के नेतृत्व में ई-टिकट बनाने वाले दलाल को दबोचा गया। उसकी पहचान जितेंद्र कुमार पुत्र रामजीलाल निवासी मालीपुरा, खैर के तौर पर हुई है। गांव में यह ओम साईं सेंटर कम्प्यूटर जन सेवा केंद्र की आड़ में ई-टिकट बनाने के खेल को अंजाम दे रहा था। वह तीन साल से काम कर रहा था। उसके पास सात लाख रुपये का ई-टिकट डाटा बरामद हुआ है। साथ ही एक मोनिटर, एक सीपीयू, एक प्रिंटर, एक कीबोर्ड सहित अन्य विद्युत यंत्र बरामद हुए हैं। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में ओमवीर सिंह, नरेश कुमार, विनोद कुमार, अजय कुमार, नरेद्र पाल सिंह मौजूद रहे।