Yamuna Expressway News: डबर डेकर बस ट्रक से टकराई, चालक समेत दो की मौत, 26 यात्री घायल, तीन गंभीर
Yamuna Expressway Bus Accident: डबल डेकर बस के एक यात्री का कहना है कि बस का चालक कानपुर से ही नींद में ही बस चला रहा था। कानपुर से निकलते ही एक अन्य बस से भी टकराया था, इसके बाद दूसरा हादसा टप्पल क्षेत्र में हुआ, जिसमें दो लोगों की जान चली गई।
विस्तार
यमुना एक्सप्रेस-वे पर 17 जुलाई सुबह तेज रफ्तार डबल डेकर बस ने खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। हादसे में महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई, 26 यात्री घायल हो गए। हादसे का शिकार अधिकांश यात्री कानपुर, दिल्ली और सोनीपत शहरों के रहने वाले हैं।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (खैर) वरुण सिंह ने बताया कि कानपुर से एक डबल डेकर बस करीब 50 सवारियों को लेकर दिल्ली जा रही थी। अलीगढ़ के टप्पल थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के 53वें प्वाइंट पर सुबह करीब पांच बजे बस ने खड़े ट्रक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बस चालक शहनबाज निवासी गांव अनुपूर डिबाई हापुड़ की मौके पर मौत हो गई। 27 यात्री घायल हो गए, जिन्हें पुलिस और टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने जेवर और आसपास के अस्पताल में दाखिल कराया, जहां गंभीर रूप से घायल कानपुर के मोहल्ला कल्याणपुर निवासी महिला राधा रानी (65) की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह लोग हुए घायल
हादसे में सुमरा, कादिल, साकिब, यासमिन, विशाल, निशा, मीर और किजा निवासी कानपुर, सचिन राजपूत कानपुर देहात, गौरव, नेहा, रवि, तनवीर निवासी दिल्ली, विकास शर्मा, चंचल, निर्मला, मंजू , सविता. रॉकी निवासी सोनीपत, रवि प्रताप, खुशीनगर, रितेश निवासी संजनापुर दयालपुर औरैया, ज्ञानदीप बेहरा ओडिशा, अविनाश बलिया, मुस्ताक बारबर राजकोट गुजरात, अंजलि निवासी लखीमपुर खीरी, अखिल निवासी फर्रुखाबाद घायल हुए हैं, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई गई है।
कानपुर में भी डबल डेकर बस दूसरी बस से टकराई थी
डबल डेकर बस के एक यात्री का कहना है कि बस का चालक कानपुर से ही नींद में ही बस चला रहा था। कानपुर से निकलते ही एक अन्य बस से भी टकराया था, इसके बाद दूसरा हादसा टप्पल क्षेत्र में हुआ, जिसमें दो लोगों की जान चली गई।
बस में सवार फर्रुखाबाद निवासी अखिल मिश्रा ने बताया कि बस फजलगंज बस स्टैंड कानपुर से करीब साढ़े नौ बजे चली थी और कानपुर से करीब 10 किलोमीटर आगे निकलते ही रास्ते में बस चालक ने सरदारजी ट्रेवल्स की गाड़ी में टक्कर मारी थी, जिसमें उनकी बस के तीन-चार शीशे टूट गए थे। इसके बाद दूसरा हादसा टप्पल क्षेत्र में हो गया। बस सवार यात्री मोहम्मद आदिल ने बताया कि बस दिल्ली जा रही थी। वह बस में बीच स्टॉप सिकंदरा से बैठा था, घटना के दौरान बस में सभी लोग सोये हुए थे और हादसे के बाद पूरी बस में चीख-पुकार मच गई।
22 यात्रियों को सामान्य चोट आईं
टप्पल थाना प्रभारी अरुण कुमार बालियान ने बताया कि हादसे में बस में सवार सवार कुल पचास यात्रियों में से 26 लोगो को चोटें आई है जिसमें से तीन लोगों को गम्भीर चोटें आई हैं और 22 लोगों को सामान्य चोटें आई हैं।
ट्रक से उतर गए थे चालक-क्लीनर
यमुना एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस जिस ट्रक से टकराई, उसमें बदरपुर भरा हुआ था। चालक और क्लीनर ट्रक को साइड से लगाकर नित्यक्रिया के लिए उतर गए थे।