अलीगढ़: इन सड़कों से अच्छी गांवों की चकरोड, कहीं उखड़ी है तो कहीं गड्ढे, 17 विधानसभाओं के लिए 170 करोड़ जारी
अलीगढ़ मंडल के चार जिलों के 17 विधानसभा क्षेत्रों में जर्जरहाल सड़कों का नवनिर्माण जल्द शुरू होगा। इसके लिए शासन स्तर से पहली किस्त के रूप में 170 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 10-10 करोड़ रुपये से इस काम की शुरुआत होगी।
विस्तार
अलीगढ़ जिले की कई सड़कों पर कहीं गहरे गड्ढे हैं तो कहीं सड़कें उखड़ चुकी हैं। इन पर पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। कई महीनों से इनकी मरम्मत नहीं हो सकी है, क्योंकि बरसात में मरम्मत का काम ठप रहा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में पूरे प्रदेश में ऐसी सड़कों को ठीक करने का निर्देश दिया है।
गभाना-बरौली मार्ग पर दो किलोमीटर की दूरी में जगह-जगह गड्ढे हैं। ग्रामीण वेद प्रकाश शर्मा, विजेंद्र सिंह ने बताया कि दो साल पहले सड़क बनी थी। वीरपुरा से गोरना रसीदपुर अमृतपुर की पुलिया तक करीब छह किलोमीटर सड़क में गहरे गड्ढे हो गए हैं। इसी तरह से अतरौली-गनियावली रोड पर 200 मीटर तक गड्ढों से निकलना दूभर हो गया है। अतरौली-कासगंज रोड पर पाली मोड़ से छर्रा अड्डा तक एक किलोमीटर के टुकड़े में गहरे गड्ढे हैं, यह स्टेट हाईवे है।
अकराबाद में जीटी रोड स्थित नानऊ चौराहे से छर्रा-सांकरा जाने वाली सड़क भी जर्जर हो चुकी है। पीडब्ल्यूडी के अधीन इस सड़क का हाल बुरा हो चुका है। नानऊ से पिलखना चौराहे के बीच पांच किलोमीटर मीटर के दायरे में कई स्थानों पर यह सड़क उखड़ गई है। नानऊ-पिलखना रोड पर गांव नगला रिसालदर के पास सड़क जर्जर हो चुकी है। नानऊ-छर्रा रोड पर पिलखना के पास सड़क खराब हो चुकी है। इधर, अतरौली ग्राम बढ़ौली से ग्राम उस्मानपुर जाने वाली सड़क में गत पांच वर्ष से गड्ढे हैं। गगन विकास शर्मा, कंछी सिंह ने बताया कि कई बार सड़क को गड्ढा मुक्त करने को कहा गया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
11 सड़कों का बजट जारी
अलीगढ़। मुख्यमंत्री ग्राम योजना के अंतर्गत सड़कों की मरम्मत के लिए बजट जारी हुआ है। इगलास में खोजनपुर से बिजहरा, गगन इंटर कॉलेज से ताजपुर, नानऊ-दादों मार्ग से कोड़ियागंज, अरनिया-गदाखेड़ा से शहीद स्थल, शहरी मदनगढ़ी से राना मार्ग, जीटी रोड स्थित 400 केवी बिजलीघर से नगला मोहन, नगला जगदेव से नहरी पटरी, गंगीरी मार्ग कोठी से कासिमपुर तक, जीटी रोड से भीमपुर मनाई, ग्राम बसई मार्ग से नगला गोपाल, खुर्द भानऊ से लोधा तक की जर्जर सड़क की मरम्मत जल्द शुरू होगी।
जर्जर हालत में पुराना सोमना रोड
खैर के प्राचीन एवं ऐतिहासिक पथवारी मंदिर से सोमना बाईपास तक जाने वाला करीब एक किलोमीटर लंबा मार्ग लंबे समय से जर्जर है। यह मार्ग कस्बे को खैर-सोमना मार्ग से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है। प्रतिदिन हजारों वाहन और पैदल राहगीर इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। पैदल आने-जाने वाले लोगों के लिए भी यह मार्ग मुसीबत बना हुआ है।
अलीगढ़ मंडल के चार जिलों के 17 विधानसभा क्षेत्रों में जर्जरहाल सड़कों का नवनिर्माण जल्द शुरू होगा। इसके लिए शासन स्तर से पहली किस्त के रूप में 170 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। हर विधानसभा क्षेत्र में लगभग 10-10 करोड़ रुपये से इस काम की शुरुआत होगी।
पूरे मंडल में 3310 किमी लंबी 1454 सड़कों का नवनिर्माण होना है। इसके लिए 5183 करोड़ रुपये का बजट मांगा गया था। शासन स्तर से हरेक विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 10-10 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। काम शुरू होने के बाद शेष धनराशि जारी करने का क्रम जारी रहेगा, ताकि काम बीच में न रुके। वर्तमान में बिटुमिन की कमी भी नहीं है। बरसात भी कम हो रही है। ऐसे में विधानसभा चुनाव 2027 के एलान से पहले इन सड़कों की मरम्मत करने का लक्ष्य है।
सड़कों के प्रस्ताव
अलीगढ़
- शहर विधानसभा क्षेत्र में 10 किमी लंबी पांच सड़कों के लिए 161 करोड़
- कोल विधानसभा क्षेत्र में 132 किमी लंबी 56 सड़कों के लिए 306 करोड़
- अतरौली विधानसभा क्षेत्र में 325 किमी लंबी 102 सड़कों के लिए 499 करोड़
- छर्रा विधानसभा क्षेत्र में 250 किमी लंबी 79 सड़कों के लिए 216 करोड़ रुपये
- बरौली विधानसभा क्षेत्र में 174 किमी लंबी 56 सड़कों के लिए 155 करोड़
- खैर विधानसभा क्षेत्र में 169 किमी लंबी 114 सड़कों के लिए 362 करोड़
- इगलास विधानसभा क्षेत्र में 393 लंबी 161 सड़कों के लिए 554 करोड़
हाथरस
- हाथरस विधानसभा क्षेत्र में 268 किमी लंबी 123 सड़कों के लिए 548 करोड़
- सादाबाद विधानसभा क्षेत्र में 256 किमी लंबी 150 सड़कों के लिए 333 करोड़
- सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र में 192 किमी लंबी 97 सड़कों के लिए 281 करोड़
एटा
- अलीगंज विधानसभा क्षेत्र में 101 किमी लंबी 44 सड़कों के लिए 263 करोड़
- एटा सदर विधानसभा क्षेत्र में 111 किमी लंबी 51 सड़कों के लिए 454 करोड़
- मारहरा विधानसभा क्षेत्र में 131 किमी लंबी 81 सड़कों के लिए 353 करोड़
- जलेसर विधानसभा क्षेत्र में 168 किमी लंबी 62 सड़कों के लिए 248 करोड़
कासगंज
- कासगंज सदर विधानसभा क्षेत्र में 176 किमी लंबी 102 सड़कों के लिए 172 करोड़
- अमापुर विधानसभा क्षेत्र में 250 किमी लंबी 104 सड़कों के लिए 140 करोड़
- पटियाली विधानसभा क्षेत्र में 197 किमी लंबी 67 सड़कों के लिए 129 करोड़
अलीगढ़ मंंडल के 17 विधानसभा क्षेत्रों में खराब हो चुकी सड़कों के नवनिर्माण का बजट आवंटन शुरू हो गया है। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करा दिए जाएंगे। बिटुमिन की कमी दूर हो चुकी है, इसलिए काम तेजी से पूरे किए जाएंगे।&प्रभात कुमार चौधरी, एसई पीडब्ल्यूडी।