Aligarh News: 200 सीसीटीवी कैमरे खंगाले, छह टीमें दौड़ीं, चंदौसी में मिला विष्णु, अपहरणकर्ता गिरफ्तार
जैसे ही पुलिस टीम बालक विष्णु को लेकर पहुंची तो वहां माैजूद बालक के पिता जयप्रकाश, मां राखी, ताऊ मुकेश कुमार, बुआ मालती के चेहरे खिल गए।
विस्तार
डेढ़ साल के मासूम विष्णु को अलीगढ़ के रेलवे स्टेशन से उस वक्त अगवा किया गया था जब वह अपनी मां के बगल में सो रहा था। बच्चे के अपहरण से हड़कंप मच गया। जीआरपी और आरपीएफ की छह टीमों ने रेलवे स्टेशन से लेकर आसपास के इलाकों तक में 200 सीसीटीवी कैमरे खंगाले। अगवा बच्चा चंदौसी में मिला। उसे बदायूं के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के गांव धिमरपुरा का मनीष उठाकर ले गया था। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए मनीष ने पूछताछ में बताया कि उसके कोई बच्चा नहीं है। वह बच्चे को पालने के लिए ले गया था।
जीआरपी के सीओ उदयप्रताप सिंह के मुताबिक, बुलंदशहर की कोतवाली डिबाई क्षेत्र के इछावरी निवासी जयप्रकाश की पत्नी राखी 20 अगस्त को अपने डेढ़ साल के बेटे विष्णु के साथ किसी पारिवारिक कार्यक्रम में दिल्ली गई थी। 21 अगस्त की रात को वह वापस आई। डिबाई जाने के लिए 22 अगस्त की सुबह को ट्रेन थी लिहाजा वह ट्रेन के इंतजार में प्लेटफार्म संख्या एक के पास अपने बेटे को लेकर सीढि़यों के पास सो गई। रात को उसका बच्चा गायब हो गया। जीआरपी ने मुकदमा दर्ज करने के बाद पड़ताल शुरू की।
सीसीटीवी में एक व्यक्ति बच्चे को ले जाता नजर आया। एक के बाद एक कैमरे को चेक किया गया। इस तरह से कुल 200 कैमरे खंगाले गए। जांच करते करते टीमें संभल जनपद के चंदौसी तक पहुंच गईं। चंदौसी में कैथल चौराहे से बदायूं के इस्लामपुर थाना क्षेत्र के गांव धिमरपुरा निवासी मनीष को गिरफ्तार कर लिया। उसी के पास से विष्णु से बरामद किया गया है।
मनीष काफी देर तक खड़ा रहा था बच्चे के पास
पूछताछ में मनीष ने बताया कि उसकी पहली पत्नी हरियाणा में व दूसरी पत्नी उसे छोड़कर दिल्ली रहने लगी है। 21 अगस्त की रात को जब वह रेलवे स्टेशन पर पहुंचा तो वहां राखी अपने बच्चे के साथ बैठी थी। वह भी बच्चे को खिलाने लगा था। जब राखी सो गई तो वह बच्चे को अपना साथ ले गया। उसका कहना था कि वह बच्चे को अपने घर पर पालने के लिए ले गया था। पुलिस ने पूछताछ के बाद मनीष को जेल भेज दिया है।
बच्चे को देखकर खिल गए परिवार वालों के चेहरे
28 अगस्त की सुबह को जैसे ही पुलिस टीम बालक विष्णु को लेकर पहुंची तो वहां माैजूद बालक के पिता जयप्रकाश, मां राखी, ताऊ मुकेश कुमार, बुआ मालती के चेहरे खिल गए।