Good News: छर्रा अड्डा पुल से बौनेर तिराहा तक का मार्ग होगा फोरलेन, 5.20 किमी हिस्से में होगा काम, बजट जारी
जल्दी ही छर्रा अड्डा पुल से बौनेर तिराहे तक सड़क फोर लेन करने का काम शुरू हो जाएगा। इसके लिए बजट जारी हो गया है।
विस्तार
अलीगढ़ के छर्रा अड्डा पुल से बौनेर तिराहे तक सड़क को फोर लेन बनाए जाने का काम अप्रैल के पहले सप्ताह से शुरू होने जा रहा है। 93 करोड़ रुपये से होने वाले इस काम के लिए पहली किस्त 29.54 करोड़ रुपये अवमुक्त कर दी गई है। सड़क के इस हिस्से के फोरलेन हो जाने से व्यस्त शहर में यातायात सुगमता होगी। प्रतिदिन करीब 1.50 लाख लोगों को यहां राहत होगी। इस मार्ग पर लगने वाले जाम से भी निजात मिलेगी।
5.20 किलोमीटर लंबे सड़क के इस हिस्से के दोनों ओर नैचुरल गैस पाइपलाइन और ओएफसी (ऑप्टिकल फाइबर केबल) केबल को अंडर ग्राउंड करने के लिए डक्टिंग भी की जाएगी। इस सड़क के चौड़ीकरण से जाम की स्थिति लगभग समाप्त हो जाएगी एवं जी0टी0 रोड़ तक पहुंचने में बहुत ही कम समय लगेगा।
छर्रा अड्डा पुल से बौनेर तिराहे तक का सड़क का हिस्सा बेहद अहम है। यहां पर आबादी और यातायात का बहुत दवाब है। जिसके चलते इसको फोरलेन किया जा रहा है। साथ ही सौंदर्यीकरण व जनसुविधाओं पार्किंग आदि के विकसित करने का काम भी हो राह है। अप्रैल से काम शुरू होगा। - प्रशांत सिंघल, महापौर
विज्ञापन विज्ञापन
फोरलेन मार्ग एक नजर में
- डिवाइडर के दोनों ओर 7-7 मीटर चौड़ी होगी सड़क
- 2.5-2.5 मीटर की चौडाई के फुटपाथ होंगे
- सड़क के बीच 3.50 किमी लंबाई में डिवाइडर बनेंगे
- सड़क के दोनों तरफ बिजली लाइनें भूमिगत होगी
-सड़क के दोनों ओर जलनिकासी के लिए नाला बनेगा
-सड़क के दोनों ओर 25 से 30 मीटर की दूरी पर स्ट्रीट लाइट होगी
-चौराहों पर सजावटी लाइट
- सड़क किनारे और डिवाइडर पर लगेंगे पौधे
- जेबरा क्रासिंग बनेगी
- कैट आई और बोलार्ड, मार्ग के दोनों ओर पार्किंग,
- लैंडस्केपिंग व प्लांटिंग का काम भी