Aligarh: हीरालाल बारहसैनी इंटर कॉलेज में कारोबारी ने शिक्षक को पीटा, प्रधानाचार्य से अभद्रता, मुकदमा दर्ज
कुछ बच्चे एचबी इंटर कॉलेज मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे। विद्यालय के प्रॉक्टर शिक्षक व अन्य स्टाफ वहां पहुंचा। खेल रहे बाहरी बच्चों से यह कहते हुए जाने को कहा कि अब यहां प्रार्थना होगी। आरोप है कि बच्चों ने मैच समाप्त होने की बात कही तो शिक्षक ने उनका बल्ला और गेंद छीन लिए। परिजनों का आरोप है कि अध्यापक ने बच्चों को पीटा भी और कैंपस में बंद कर लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अलीगढ़ महानगर के हीरालाल बारहसैनी इंटर कॉलेज परिसर में बाहरी बच्चों के क्रिकेट खेलने से रोकने के विवाद में बड़ा झगड़ा हो गया। बच्चों से विवाद की सूचना पर पहुंचे कारोबारी आदि ने शिक्षक से मारपीट करते हुए बीच में आईं प्रधानाचार्या से अभद्रता कर धक्का-मुक्की कर दी। इसे लेकर बात बढ़ गई और खबर पर पुलिस भी आ गई। मामले में फिलहाल प्रधानाचार्या की ओर से कारोबारी आदि पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं देर शाम तक कारोबारी पक्ष भी अपनी ओर से मुकदमा दर्ज कराने को प्रयासरत रहा। मगर सफलता नहीं मिली।
हुआ यूं कि शहर के कुछ बच्चे एचबी इंटर कॉलेज मैदान में 18 मई सुबह क्रिकेट खेल रहे थे। इसी बीच करीब साढ़े सात बजे विद्यालय के प्रॉक्टर शिक्षक व अन्य स्टाफ वहां पहुंचा। खेल रहे बाहरी बच्चों से यह कहते हुए जाने को कहा कि अब यहां प्रार्थना होगी। आरोप है कि बच्चों ने मैच समाप्त होने की बात कही तो शिक्षक ने उनका बल्ला और गेंद छीन लिए। परिजनों का आरोप है कि अध्यापक ने बच्चों को पीटा भी और कैंपस में बंद कर लिया। इसी सूचना पर बच्चों के परिजन व कारोबारी आदि पहुंच गए और उनका कॉलेज के स्टाफ से विवाद शुरू हो गया। प्रधानाचार्या के कक्ष में पहुंचकर कारोबारी गौरव हरकुट, आयुष माहेश्वरी, अनुज वार्ष्णेय आदि चार पांच अन्य अज्ञात ने शिक्षक रवि बाबू को पीट दिया।
बीचबचाव करने आई प्रधानाचार्या अर्चना वार्ष्णेय से भी धक्का मुक्की व हाथपाई कर दी। बचाव में शिक्षक की ओर से भी मारपीट की गई। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। खबर पर पुलिस भी पहुंच गई। बाद में प्रधानाचार्या ने कारोबारी गौरव हरकुट, आयुष, अनुज वाष्र्णेय व चार पांच अज्ञात लोगों पर गांधीपार्क में मुकदमा दर्ज कराया। सीओ द्वितीय राकेश सिसौदिया के अनुसार प्रकरण में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बाकी सीसीटीवी आदि तथ्यों के आधार पर जांच व कार्रवाई की जा रही है।
कॉलेज में खेल रहे बाहरी बच्चों से मना करने पर अध्यापक से अभद्रता की गई। बाद में उनके परिजनों द्वारा आकर मारपीट की गई। इस मामले में मुकदमा दर्ज कराया गया। साथ ही इस घटना से उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। इधर कॉलेज प्रबंध समिति द्वारा उल्टा हम पर कार्रवाई की धमकी दी जा रही है। हमारे सहयोग से किनारा कर लिया है। बाहरी तत्वों ने हमारे साथ मारपीट की है। इससे हमारे चोट आई है। हम लोग दहशत में हैं। ऐसे लोगों पर कार्रवाई हो।- अर्चना वार्ष्णेय , प्रधानाचार्या, हीरालाल बारहसैनी इंटर कालेज।
मुकदमे में प्रबंध समिति पदाधिकारी का बेटा आरोपी
इस घटना में अनुज वार्ष्णेय आरोपी है जो प्रबंध समिति के एक पदाधिकारी का बेटा है। इसे लेकर तरह तरह की चर्चाएं होती रहीं।
कारोबारी पक्ष ने भी मढ़े आरोप, एसएसपी से मिला भरोसा
इस मामले में गौरव हरकुट सहित अन्य आधा दर्जन से अधिक अभिभावकों ने भी पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें आरोप है कि क्रिकेट खेलने गए गौरव के बेटे आदि के साथ पहले शिक्षक द्वारा मारपीट की गई। बेटे को कैंपस के कमरे में बंधक बना लिया गया। जब अन्य बच्चों ने गौरव को फोन किया और उन्होंने कहा कि बेटे से बात कराएं तो शिक्षक ने उनका भी मोबाइल फेंक दिया। धमकाते हुए भगा दिया। जब वे कॉलेज पहुंचे तो शिक्षक अभ्रदता पर उतर आए। बाद में हाथापाई करने लगे। गौरव व अन्य अभिभावकों ने थाने पहुंचकर तहरीर दी। मगर वहां मुकदमे पर कोई जवाब नहीं मिला। बाद में वे पहले आईजी कार्यालय और फिर एसएसपी आवास पहुंचे। जहां एसएसपी स्तर से उन्हें उचित जांच व न्याय का भरोसा मिला है। इस दौरान काफी संख्या में अभिभावक व बच्चे उनके साथ मौजूद रहे। उनका कहना था कि शिक्षकों के व्यवहार के चलते जिस तरह से पिछले दिनों ओएलएफ में हुआ है। ये बच्चे भी उसी तरह दहशत व तनाव में हैं। कहीं कोई वाकया न हो जाए। उन्होंने भी न्याय मांगा है।
प्रधानाचार्यों ने की घटना की निंदा
एचबी इंटर कॉलेज में घटना के विरोध में उत्तर प्रदेश प्रधानाचार्य परिषद की बैठक हुई, जिसमें प्रधानाचार्यों ने कड़ी शब्दों में घटना की निंदा की। प्रधानाचार्यों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। जिला मंत्री डॉ. विपिन वार्ष्णेय ने कहा कि यदि इस प्रकार के असामाजिक तत्व विद्यालय में आकर शिक्षक और प्रधानाचार्य की गरिमा का निरादर करेंगे, तो समाज को क्या संदेश जाएगा। परिषद के संगठन मंत्री डॉ. संजय सिंह ने प्रशासन से अनुरोध किया कि इसमें दोषियों को कड़ी सजा मिले। इस अवसर पर प्रधानाचार्य परिषद की जिला अध्यक्ष डॉ. अनूप शर्मा, जिला मंत्री डॉ. विपिन वार्ष्णेय, डॉ. कौशलेंद्र कुमार, अम्बुज जैन, डालेश कांकरान, डॉ. जेपी यादव, जितेंद्र राही, कृष्ण कुमार शर्मा, केपी सिंह, मुनीष कुमार आदि मौजूद रहे।
एचबी इंटर कॉलेज में दबंगों द्वारा प्रधानाचार्या व शिक्षक द्वारा की गई मारपीट अत्यंत दुखद है। शिक्षा के मंदिर में इस तरह की घटना से शिक्षा का माहौल बिगड़ता है। इस तरह की घटना पर पुलिस प्रशासन को सख्त से सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। -बल्देव चौधरी सीटू, पूर्व प्रदेश मंत्री, एबीवीपी
पुलिस व शिक्षा विभाग इसकी गंभीरता से जांच करे। किसकी सह पर स्कूल को खेल का मैदान बनाया है। इस तरह के मामलों में प्रबंध समिति ने निजी मैदान बना दिया है। वह शिक्षा के अलावा अन्य तमाम आयोजन करती है। उचित कार्रवाई हो।-जय यादव, छात्र नेता