महानगर के बाबरी मंडी में हुए तारिक हत्याकांड में आरोपी भाजपा नेता विनय वार्ष्णेय को लेकर गैर समुदाय के युवकों के फेसबुक ग्रुप पर अशोभनीय टिप्पणी ने बखेड़ा खड़ा कर दिया। फेसबुक पर विनय के प्रति आतंकी जैसे शब्द लिखे जाने पर भड़के भाजपाइयों ने शुक्रवार देर रात सासनी गेट थाना घेर लिया। कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा किया। बाद में पुलिस के मुकदमे के आश्वासन पर ही शांत होकर लौटे।
सासनी गेट पटेल नगर निवासी नितिन वार्ष्णेय के अनुसार शुक्रवार को वे फेसबुक चला रहे थे। तभी गैर समुदाय के युवकों के फेसबुक ग्रुप पर एक युवक की ओर से पोस्ट आई, जिसमें विनय वार्ष्णेय को आतंकी लिखा गया। जेल में ही सजा होने, हत्यारा लिखे जैसे उल्लेख थे। यह देख लोग भड़क गए। देर रात पूर्व मेयर शकुंतला भारती, ब्रजेश कंटक, भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, गौरव शर्मा, हरिओम अग्रवाल, गजेन्द्र, कैप्टन विशाल देशभक्त, हर्षद हिंदू व विहिप और बजरंगदल के कार्यकर्ता थाने पहुंच गए। उन्होंने कहा कि इस तरह की पोस्ट से समाज में वैमनस्यता फैलती है और माहौल बिगड़ता है। ऐसे लोगों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए। बाद में इंस्पेक्टर की ओर से नितिन की तहरीर पर मुकदमा व गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया। तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। इंस्पेक्टर ने बताया कि देर रात फेसबुक एकाउंट के आधार पर शारिक खान आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।