एएमयू टीचर्स एसोसिएशन (अमुटा) का चुनाव सांविधानिक प्रक्रिया से कराने के लिए मंथन चल रहा है। यह मंथन चार सदस्यीय कमेटी कर रही है, जिसे चुनाव रद्द करने के बाद कुलपति प्रो. तारिक मंसूर ने 14 सितंबर को गठित की थी।
कमेटी में डॉ. मोहम्मद शाहिद, प्रोफेसर अब्दुस सलाम, प्रोफेसर मोहम्मद रिजवान खान व प्रोफेसर आफताब आलम शामिल हैं, जो पहले एसोसिएशन के सचिव रह चुके हैं। प्रोफेसर आफताब आलम ने बताया कि चुनाव सांविधानिक प्रक्रिया संबंधित कार्य प्रगति पर है। चुनाव के बाबत रिपोर्ट जल्द सौंप दी जाएगी। उधर, चुनाव प्रक्रिया नए सिरे से होगी, क्योंकि मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो. मुजाहिद बेग ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
चुनाव निरस्त करने की शिकायत शिक्षा मंत्री से
भारतीय जनता पार्टी ब्रज क्षेत्र के शिक्षक प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय सह संयोजक डॉ. पुष्पेंद्र पचौरी ने एएमयू शिक्षक संघ के चुनाव को निरस्त करने के कुलपति के फैसले के खिलाफ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पीएमओ और गृहमंत्री से ट्विटर के माध्यम से शिकायत की है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमुटा चुनाव को इसलिए निरस्त कर दिया गया है क्योंकि उसकी अध्यक्ष एक महिला बनने वाली थी और दो बहुसंख्यक समाज के शिक्षक कार्यकारिणी सदस्य बनने वाले थे। ब्यूरो