शिक्षकों के विरोध के बाद बैकफुट पर एएमयू इंतजामिया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अलीगढ़। अमुटा एवं पूर्व कुलपति महमूद उर रहमान के विरोध के बाद अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय प्रशासन बैकफूट पर आ गया है। सात नवंबर को प्रस्तावित एग्जीक्यूटिव काउंसिल की बैठक से हबीब हाल के सामने की जमीन को मुम्बई के एक निजी बिल्डर के नाम हस्तांतरित करने से संबंधित प्रस्ताव वापस ले लिया है। इसे शिक्षक अपनी जीत के रूप में देख रहे है।
वहीं मुजफ्फरनगर, बहरारईच एवं एएमयू के मुर्शिदाबाद, मल्लापुरम एवं किशनगंज केंद्र के दो-दो एकड़ जमीन को निजी ट्रस्ट को देने से संबंधित प्रस्ताव को लेकर कैंपस का माहौल गरमाता नजर आ रहा है। शुक्रवार को जुम्मे की नमाज के बाद छात्र कुलपति से मिलकर एएमयू की जमीन निजी ट्रस्ट को देने तथा मुजफ्फरनगर दंगा पीड़ितों के लिए दी गई सर सैयद डिनर के पैसे छात्रों को वापस करने की मांग करेंगे। छात्र एएमयू ईसी की गोपनीय बैठक पर भी सवाल उठा रहे है। उनका कहना है कि जब लोकसभा एवं राज्यसभा की बैठक को लाइव दिखाया जाता है तो ईसी की बैठक गोपनीय क्यों।
इसके साथ ही ईसी की बैठक लाइव करने की मांग छात्र कर रहे है। गुरुवार को एएमयू छात्रों की जनरल बॉडी की बैठक मौलाना आजाद लाइब्रेरी स्थित कैंटीन में हुई। इसमें छात्रों ने बहराइच, मुजफ्फरनगर की जमीन निजी ट्रस्ट के नाम हस्तांतरित करने की तैयारी का विरोध किया। इसके साथ ही सर सैयद डिनर के 51 लाख रुपये छात्रों को वापस करने की मांग की।
सीनियर कैबिनेट अब्दुल्ला इमरान ने कहा कि यदि उनकी मांगे 24 घंटे में पूरी नहीं हुई तो वे लोग सात नवंबर को ईसी की बैठक नहीं होने देंगे। सीनियर छात्र आमिर मिंटो, फैजान, सलमान, सद्दाम हुसैन, जानिब हसन, अकरम आदि मौजूद थे।
इधर एएमयू के कार्यवाहक पीआरओ जीशान अहमद ने बताया कि एक्जीक्यूटिव काउंसिल की बैठक में गेस्ट हाउस के निर्माण से संबंधित एजेंडा का आइटम नंबर सात बिल्ड ऑपरेट ट्रांसफर (बीओटी) को वापस ले लिया है। देर रात एएमयू पीआरओ डॉ. राहत अबरार ने बताया कि ईसी के एजेंडे से आइटम नंबर 5 एवं 13 भी वापस ले लिया गया है। उल्लेखनीय है कि आइटम नंबर पांच में मुर्शिदाबाद, मल्लापुरम एवं किशनगंज सेंटर पर स्कूल खोलने के लिए 2-2 एकड़ जमीन से संबंधित प्रस्ताव था जबकि आइटम नंबर 13 बहराइच की जमीन से संबंधित था।